शिवराज और सांसद सिंधिया आज करेंगे पोहरी-करैरा में 400 करोड़ के विकास कार्यो का भूमिपूजन

शिवराज और सांसद सिंधिया आज करेंगे पोहरी-करैरा में 400 करोड़ के विकास कार्यो का भूमिपूजन

उपचुनाव से पहले भाजपा एक्टिव मोड में

khemraj morya शिवपुरी। पोहरी और करैरा विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा अब पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ गई है। पिछले दिनों केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा उपचुनाव को देखते हुए शिवपुरी आए थे और जहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से चर्चा कर चुनाव की तैयारियों की रणनीति तैयार की। वहीं अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया एक साथ कल पोहरी और करैरा में हैलीकॉप्टर से आ रहे हैं। जहां वह 400 करोड़ रूपए के विकास कार्यो का भूमिपूजन करेंगे। कभी एक दूसरे के विरोधी रहे दोनों नेता अब एक साथ एक ही मंच पर एक ही भावना से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नजर आएंगे। पोहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी लोकनिर्माण राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि करैरा से भाजपा प्रत्याशी जसवंत जाटव हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री और सिंधिया 400 करोड़ से अधिक के विकास कार्यो का भूमिपूजन और लोकापर्ण करेंगे तथा क्षेत्र की जनता को सौगात देंगे। जानकारी के अनुसार पोहरी में 300 करोड़ के विकास कार्याे का भूमिपूजन और लोकापर्ण किया जाएगा। इनमें 226.52 लाख का सरकुलर डेम और पीडब्ल्यूडी की सड़कों सहित विद्युत सबस्टेशन तथा गोपालपुर, गुरावल, मचाखुर्द, दुल्हारा, बूढदा, पिपरघार और खरूआ में 1 करोड़ 96 लाख रूपए के विकास कार्यो का लोकापर्ण होगा। जबकि 11 करोड़ 2 लाख की लागत की 29 गौशालाओं का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इस दौरे में केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट सहित कुछ और मंत्रियों के भी आने की संभावना है।