MP में कोरोना वैक्सीन पर सियासत, सत्ता और विपक्ष एक दूसरे को चुभा रहे हैं जुबानी सूई
भोपाल
मध्य प्रदेश में कोरोना वैक्सीन को लेकर सियासत अभी भी जारी है. कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने वैक्सीन लगवाने के सवाल पर अजीबो-गरीब तर्क दिया है. पीसी शर्मा की मानें तो सरकार ने ऐसा सिस्टम बनाया है कि कांग्रेस के नेताओं को वैक्सीन लगवाने के मेसेज आ ही नहीं रहे हैं. उन्होंने मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए और ऐसा सिस्टम बनाना चाहिए, जिससे हमारे पास भी कोरोना वैक्सीन को लेकर मेसेज आएं.
आपको बता दें कि इससे पहले पीसी शर्मा ने वैक्सीन लगवाने से ही मना कर दिया था. उन्होंने अपने एक बयान में कहा था कि उनके अंदर तो एंटीबॉडी पहले से ही है. लिहाजा उन्हें वैक्सीन लगवाने की जरूरत नहीं है. आपको याद होगा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत बीजेपी के कई बड़े नेता वैक्सीन लगवा चुके हैं. लेकिन कांग्रेस नेताओं में अभी भी इसे लेकर संशय बना हुआ है कि उन्हें वैक्सीन लगवाना है या नहीं. हालांकि पीसी शर्मा ने अब कहा है कि अगर सरकार सिस्टम सुधार दे, तो कांग्रेस नेता वैक्सीन लगवाने को तैयार हैं.
उधर, वैक्सीनेशन के मुद्दे पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा है. कांग्रेस नेताओं के वैक्सीनेशन से परहेज करने के सवाल पर रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस के नेताओं को कम से कम अब तो वैक्सीनेशन के लिए तैयार हो जाना चाहिए, क्योंकि अब तो पाकिस्तान ने भी वैक्सीन के लिए भारत से इच्छा जताई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केंद्र व प्रदेश सरकार के कहने पर तो वैक्सीन नहीं लगाएंगे, लेकिन पाकिस्तान के कहने पर ही कम से कम अब उन्हें वैक्सीन लगवा लेना चाहिए.
कोरोना वैक्सीनेशन पर जारी सियासत के बीच मध्य प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़ने लगी है. भोपाल और इंदौर में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार कुछ सख्त कदम भी उठा सकती है. इन दोनों शहरों में रविवार रात या फिर सोमवार की रात से नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है. इसके साथ ही अब एक बार फिर से शहरों में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है. दुकानों पर भी एक साथ 10 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगाया गया है.
bhavtarini.com@gmail.com 