उमादेवी के अकेले जीवन में एक मजबूत संबल बनकर आया प्रधानमंत्री आवास
कोरिया, कोरिया जिले के जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बिषुनपुर मे रहने वाली श्रीमती उमादेवी के अकेले जीवन मे प्रधानमंत्री आवास ने एक मजबूत सहारा दिया है। उन्हे एकाकी जीवन के बीच बेहद प्रसन्नता है कि अब उनके पास अब अपना पक्का मकान है। यह उनके दैनिक जीवन की एक बड़ी उपलब्धि साबित हो रहा है। ऐसा परिवार जो परिश्रम से किसी तरह अपनी आजीविका चलाता हो उसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ने एक बड़ा बदलाव किया है। अपने पति को खोने के बाद अकेले जीवन संघर्ष कर रही उमादेवी के जीवन में अब अपना आषियाना होने की राहत है।
कठिनाई का दौर
ग्राम पंचायत बिशुनपुर में रहने वाले सुखलाल से उमादेवी का विवाह हुआ था। श्रमिक परिवार में रहने वाले इन दोनों पति पत्नी के लिए अपनी मेहनत ही आजीविका का साधन था। दोनों श्रमिक का कार्य करके किसी तरह से जीवन यापन कर रहे थे। इस बीच उनके पति सुखलाल का असमय देहांत हो गया और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उमादेवी पर आ गई। ऐसे में उनका जीवन का संघर्ष और भी मुश्किल हो गया था। सिलाई का कार्य करके वह परिवार की आजीविका का वहन तो कर लेती थीं लेकिन पक्के घर का सपना अधूरा था।
प्रधानमंत्री आवास बना संबल
कठिन समय में परिवार के पोषण के लिए संघर्ष कर रही उमा देवी के लिए उनके पति के जाने के बाद कच्चे घर का रखरखाव अत्यंत कठिन कार्य हो गया था। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता सूची में शामिल होने से उन्हें पक्के घर के लिए आर्थिक मदद प्राप्त हुई। इस परिवार ने पूरी लगन से जल्द अपने मकान का कार्य पूरा किया और अब पूरा परिवार सुकून से सुरक्षा के साथ पक्के मकान मे निवासरत है।
जरूरत पर मिला सहारा
अपने संघर्ष के दौर और पति के जाने के दुख को याद करते हुए उमादेवी बेहद भावुक होकर कहती हैं कि उन्हे जब मदद की जरूरत थी तो प्रधानमंत्री आवास योजना ने उन्हे मजबूत सहारा दिया। पति के जाने के बाद अकेलेपन मे पक्का घर बना पाना असंभव था लेकिन प्रधानमंत्री जी की सोच ने उनकी असंभव सोच को संभव करा दिया है।
योजनाओं से सुखद जीवन
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की हितग्राही उमादेवी बतलाती हैं कि योजना से उनको पक्का मकान और स्वच्छ भारत मिशन से पक्का शौचालय मिल गया है। शासन की तरफ से उज्ज्वला योजना के तहत सुरक्षित ईंधन की व्यवस्था हो गई है और उन्हे महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिलता है। इस तरह से शासन की अनेक सहूलियत पाकर उनका जीवन अब आसान हो गया है।
bhavtarini.com@gmail.com 