ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों और राजस्थानी जायकों ने मोहा विजिटर्स का मन
खरीदारी के साथ स्थानीय व्यंजनों का भी लुत्फ उठा रहे आगंतुक
100 से अधिक स्टॉल्स पर हस्तशिल्प, हैंडलूम, सजावटी सामग्री और पारंपरिक खाद्य उत्पादों की रही मांग
जयपुर। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद् (राजीविका) की ओर से जयपुर स्थित इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान (IGPRS) परिसर में आयोजित राजीविका दिवाली मेला-2026 अपने पूरे परवान पर है। आठ दिवसीय मेले के तीसरे दिन भी आगंतुकों की अच्छी खासी आवाजाही देखने को मिली। मेले में खरीदारी के साथ पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों और विभिन्न खाद्य उत्पादों का स्वाद लेने का भी लोगों में खासा उत्साह नजर आया। मेले में ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, हैंडलूम और दिवाली की सजावटी सामग्री को देखने एवं खरीदने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। दिवाली मेला खरीदारी, खानपान, पारंपरिक कला और मनोरंजन का एक आकर्षक संगम बन रहा है।
कोटा डोरिया एवं ब्लू पॉटरी विशेष आकर्षण
मेले में कोटा डोरिया की साड़ियां, जयपुर की प्रसिद्ध ब्लू पॉटरी, पारंपरिक कशीदाकारी, सजावटी एवं घरेलू हस्तनिर्मित उत्पाद, डोरमैट, कारपेट और अन्य हैंडलूम उत्पाद आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं, दिवाली के अवसर पर घरों को सजाने के लिए दीये, कैंडल, रंगोली, आकर्षक सजावटी सामग्री और पारंपरिक हस्तनिर्मित वस्तुओं की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।
पारंपरिक जायकों से महक रहा मेला परिसर
मेले में हस्तशिल्प और हैंडलूम उत्पादों के साथ विभिन्न फूड स्टॉल्स भी विजिटर्स के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं। यहां पारंपरिक व्यंजनों में दाल-बाटी-चूरमा के साथ स्थानीय खाद्य उत्पादों और स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लेने के लिए लोग उत्साहपूर्वक पहुंच रहे हैं। राजस्थानी खानपान के साथ ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए अचार, पापड़, मसाले एवं अन्य पारंपरिक खाद्य उत्पाद भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। आगंतुक खरीदारी के साथ इन स्थानीय स्वादों का आनंद लेकर मेले के अनुभव को और खास बना रहे हैं।
4 नवंबर तक चलेगा मेला, प्रवेश नि:शुल्क
राजीविका दिवाली मेला-2026 का आयोजन 28 अक्टूबर से 4 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक किया जा रहा है। मेले में आमजन के लिए प्रवेश नि:शुल्क है। 100 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों के उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है। यह आयोजन ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नए ग्राहकों से जोड़ने और बाजार तक पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
bhavtarini.com@gmail.com

