गरियाबंद महिला कांग्रेस अध्यक्ष की कोरोना से मौत

गरियाबंद महिला कांग्रेस अध्यक्ष की कोरोना से मौत

रायपुर
गरियाबंद जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ममता राठौर का कोरोना से मौत की खबर से सभी स्तब्ध हैं,इसलिए कि हाल ही में असम चुनाव प्रचार में हिस्सा लेकर वे लौटी थीं। उनका स्वास्थ्य कुछ ठीक नहीं था इसलिए उन्होने रूटीन का सारा चेकअप करवाया था। लेकिन उनसे चूक यह हुई कि कोरोना का टेस्ट नहीं करवाया, हालांकि परिजनों का कहना है कि केवल सांस लेने में अचानक तकलीफ हुई और जब जिला अस्पताल ले गए तो कुछ घंटों बाद ही उनकी मौत हो गई। पूरे जिले के कांग्रेसजन स्तब्ध हैं,वे काफी सक्रिय व सरल स्वभाव की महिला थीं।

गरियाबंद महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष तथा पूर्व नगर पंचायत गरियाबंद की अध्यक्ष ममता राठौर का मंगलवार को निधन हो गया। जानकारी के अनुसार पिछले चार पांच दिनों से उनकी तबियत ठीक नहीं थी। डॉ हरीश चौहान ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया की ममता राठौर की एंटीजन रिपोर्ट पीजिटिव आई है। सांस लेने में हुई तकलीफ के बाद आज सुबह ही उन्हें अस्पताल लाया गया था। ममता राठौर असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी का प्रचार करने के उद्देश्य से कुछ दिनों पूर्व असम गई थी। कुछ दिनों पूर्व लौटी ममता राठौर की कोरोना रिपोर्ट एयरपोर्ट में नेगेटिव बताई गई। किन्तु आज उनके निधन के बाद जिला चिकित्सालय में रिपोर्ट पॉजिटिव बताई जा रही है।

ममता राठौर की पहचान कांग्रेस की एक तेजतर्रार महिला नेत्री के रूप में रही है। इससे पहले वह गरियाबंद की पालिका अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। कांग्रेस में भी वे कई पदों पर रह चुकी हैं उनके निधन से ना केवल कांग्रेस को बल्कि गरियाबंद शहर को भी एक बड़ी क्षति पहुंची है।जिलाध्यक्ष के आकस्मिक निधन पर शहर में शौक की लहर फैल गयी है। उनकी पार्टी सहित दूसरी पार्टी के नेताओ ने भी उनकी मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके कोरोना से निधन की पुष्टि करते हुए जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनआर नवरत्न ने बताया कि ममता राठौर जब अस्पताल में  लाया गया था उस समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी। उन्हें सांस लेंने में कठनाई हो रही थी। उनका कोविड चेक किया गया जो पॉजिटिव आया इलाज  शुरू होने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गयी ।