संक्रमण से जूझ रहे लोगों के स्वास्थ्य के लिए अनूठी पहल, डॉक्टर तलाश रहे मंत्री भार्गव

संक्रमण से जूझ रहे लोगों के स्वास्थ्य के लिए अनूठी पहल, डॉक्टर तलाश रहे मंत्री भार्गव

भोपाल
पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव को इनदिनों एक डॉक्टर की तलाश है, जिसे वे दो लाख रुपये महीना की सैलरी और लग्जरी गाड़ी देंगे। उन्होंने इसके लिए अपने फेसबुक पेज पर बकायदा एक विज्ञापन भी जारी किया है। दरअसल, कोरोना के इस संकट भरे दौर में जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में लोगों की मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

ऐसे में मंत्री गोपाल भार्गव ने भी अनूठी पहल करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ाकोटा में एक कोविड सेंटर तैयार किया है। इसके लिए मंत्री भार्गव ने एमडी मेडीसिन डॉक्टर के लिए जॉब आॅफर निकाला है। इसमें उन्होंने कहा कि जो डॉक्टर आएगा उसको मैं दो लाख रुपये सैलरी, रहना, खाना और लग्जरी गाड़ी भी दूंगा।

मंत्री भार्गव का यह आॅफर सुर्खियों में बना हुआ है। इसके पहले भी भार्गव अपने क्षेत्र की जनता के लिए अनूठे अनूठे ढंग से प्रयास करते रहे हैं। गौरतलब है कि भार्गव ने गढ़ाकोटा में एक अत्याधुनिक कोविड सेंटर भी तैयार किया है। इसके पहले वे निशुल्क सीटी स्केन मशीन भी उपलब्ध करवा चुके हैं।

पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि एक हफ्ते में आॅक्सीजन की कमी पूरी तरह दूर हो जाएगी। लोगों को रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए भी नहीं भटकना पडेगा। पीडब्ल्यूडी विभाग आॅक्सीजन प्लांट लगाने में जुटा गया है, जल्द ही आॅक्सीजन का उत्पादन शुरू हो जाएगा। एक हफ्ते बाद प्रदेश का कोई भी अस्पताल आॅक्सीजन की कमी से नहीं जूझेगा।