मेपआईटी का राज्य इलेक्ट्रानिक्स निगम में विलय, सम्पत्ति और दायित्वों का भी होगा हस्तांतरण
भोपाल
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की अधीनस्थ संस्था मध्यप्रदेश एजेंसी फॉर प्रमोशन आॅफ इन्फार्मेशन टेक्नालॉजी (मेपआईटी) का विघटन करते हुए इसकी सभी सम्पत्ति और दायित्व मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रानिक्स विकास निगम को हस्तांतरित किये जाएंगे। मेपआईटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वित्त नियंत्रक और वाहन चालक सहित पांच पद समाप्त करने का निर्णय भी लिया गया है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए है और उन पर अमल शुरू हो गया है। मेप आईटी की गतिविधियों का संचालन एवं अनुबंधों का निष्पादन राज्य इलेक्ट्रानिक्स विकास निगमक द्वारा किया जाएगा। इसके लिए मध्यप्रदेश मेप आईटी को दिए जाने वाले भविष्य के सभी अनुदान और बजट अब राज्य इलेक्ट्रानिक्स विकास निगम को दिए जाएंगे।
मेप आईटी में स्वीकृत पदों को भी राज्य इलेक्ट्रानिक्स विकास निगम को हस्तांतरित कर दिए गए है। इसमें स्वीकृत 43 पदों में से 38 पद ट्रांसफर किए गए है और पांच पद सरेण्डर किए गए है। इन पदों में अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद से लेकर कार्यालय सहायक के पद भी दिए गए है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वित्त नियंत्रक, वाहन चालक, भृत्य के पद समाप्त कर दिया जाएगा। नीचे मेप आईटी के विघटन एवं इससे उत्पन्न होने वाले सभी विषयों और दायित्वों के निराकरण के लिए प्रशासकीय विभाग को अधिकृत किया गया है।
प्रशासकीय विभाग इस प्रक्रिया के लिए इलेक्ट्रानिक्स विकास निगम के प्रबंध संचालक और मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यकतानुसार पावर अलाट कर सकेगा। इन सारी प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए आगामी कार्यवाही कराने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेप आईटी और इलेक्ट्रानिक विकास निगम के एमडी को अधिकृत किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग को भी विभागों की सूची से मेप आईटी को विलोपित करने के लिए कहा गया है।
bhavtarini.com@gmail.com
