प्रदेश में 5 दिन में मिले 51 हजार कोरोना मरीज, आज रिकार्ड 11269 मरीज और 66 मौतें

प्रदेश में 5 दिन में मिले 51 हजार कोरोना मरीज, आज रिकार्ड 11269 मरीज और 66 मौतें

भोपाल
मप्र में कोरोना संक्रमण फैलने की दर अब धीमे-धीमे कम हो रही है। लेकिन बीते पांच दिनों में रिकार्ड 51200 कोरोना पॉजीटिव मरीज मिल चुके हैं और करीब 270 कोविड संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं, आज प्रदेश में रिकार्ड 11269 कोरोना मरीज मिले हैं और बीते 24 घंटे में 66 संक्रमितों की मौत होने का मामला सामने आया है।

स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों की मानें तो पांच दिन के अंदर संक्रमितों की संख्या में जरूर इजाफा हुआ है, लेकिन संक्रमण की रफ्तार पहले की अपेक्षा अब कम हो रही है। कुछ दिनों पहले प्रदेश में जहां एक-एक दिन में पांच-छह सौ कोरोना मरीज अधिक मिल रहे थे। अब यह रफ्तार 100-150 ही हो गई है। ऐसे में अब प्रदेश में करीब 63889 कोरोना के एक्टिव केस मौजूद हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज भोपाल में 1669, इंदौर में 1656, ग्वालियर में 985 और जबलपुर में 798 कोरोना मरीज मिले हैं।

कोरोना संक्रमण की रफ्तार के कारण शहर में बीते छह दिनों से कोरोना कर्फ्यू लागू है। दो दिन बाद यानी 19 अप्रैल को सुबह 6 बजे तक इस कोरोना कर्फ्यू की मियाद तय है। ऐसे में अफवाहों का दौर फिर हावी है कि कर्फ्यू आगे बढ़ेगा या नहीं। ऐसे में पहले की तरह ऐन टाइम पर कर्फ्यू को आगे बढ़ाने की घोषणा होने पर भगदड़ की स्थिति बन सकती है।