जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता - खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह

जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता - खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह

भोपाल

खनिज साधन एवं श्रम तथा जिले के प्रभारी मंत्री बृजेन्द्र प्रताप  सिंह ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए जिले में पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। आगे भी कोई कमी नही छोड़ी जाएगी। जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। खनिज एवं प्रभारी मंत्री सिंह ने शुक्रवार 23 जुलाई को कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभाग अंतर्गत संचालित हितग्राही मूलक योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

प्रभारी मंत्री सिंह ने कहा की  जिले में जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासनिक टीम ने आपसी समन्वय से जिले में कोरोना नियंत्रण का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। जनप्रतिनिधि व अधिकारी समन्वय से जिले के विकास को नई दिशा और दशा प्रदान करें। बैठक में सांसद राव उदय प्रताप सिंह ,जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल, विधायक होशंगाबाद डॉ सीतासरन शर्मा, विधायक सोहागपुर विजयपाल सिंह, विधायक पिपरिया ठाकुरदास नागवंशी, विधायक सिवनीमालवा प्रेमशंकर वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती माया नारोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, कलेक्टर धनंजय सिंह , पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह गौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करें

प्रभारी मंत्री सिंह ने कहा की जिले में संचालित सभी  निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें एवं कार्यों को समय सीमा में पूर्ण किया जाए। विभिन्न विभागों व निर्माण एजेंसियों द्वारा बनाई गई सड़कों का व्यवस्थित रखरखाव किया जाए।  सड़को के समय पर मेंटेनेंस न होने की शिकायतों का कमेटी द्वारा विधि विधिवत जाँच कर आवश्यक कार्यवाही करें।

किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें

प्रभारी मंत्री सिंह ने कहा की जिले में किसानों को शासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करें। किसानों के बिजली बिल संबंधी शिकायतों का उचित  निराकरण किया जाए। मूंग खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा हेतु समुचित व्यवस्थाएं हो, किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो इसका विशेष ध्यान रखें।

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलें

प्रभारी मंत्री सिंह ने कहा कि राज्य शासन द्वारा संचालित सभी जन कल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों  को समय सीमा पर लाभान्वित करें। सभी विभाग योजनाओं अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य समयावधि में पूर्ण करें।

कोरोना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन की सराहना

प्रभारी मंत्री सिंह ने जिले में कोरोना के प्रभावी नियंत्रण एवं कोविड मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा निभाई गई सक्रिय भूमिका की सराहना की।

बताया गया की जिले में प्रशासन द्वारा कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान अपनाई गई प्रभावी रणनीति एवं ठोस व्यवस्थाओं से जिले में कोरोना पर नियंत्रण पाया गया हैं। कोरोना की दूसरी लहर के पूर्व ही प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर स्वास्थ्य सुविधाओं की विकेंद्रीकृत व्यवस्था अपनाई गई जिसमें जिला मुख्यालय से लेकर मैदानी स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत की गई। जिला अस्पताल के अनुभवी वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा अपनी सेवाएं दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों पर दी गई। कोविड उपचार के जरूरी आवश्यक संसाधनों व ओषधियों का पूरी पारदर्शिता के साथ बेहतर उपयोग एवं प्रबंधन किया गया। कोरोना संक्रमण की चुनौतियों के बीच ही जिला बेहतर व्यवस्थाओं के साथ समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं खरीदी कर जिला प्रदेश में सिरमोर बना।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जारी

बैठक में बताया गया कि जिले में कोरोना की संभावित तीसरी लहर की आशंका के दृष्टिगत स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण निरंतर जारी हैं। जिला कोविड उपचार के लिए जरूरी प्राण वायु की उपलब्धता में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर है। जिला अस्पताल में 750 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट का कार्य पूर्ण हो गया है साथी जिला अस्पताल में ही 1000 एलपीएम क्षमता, पिपरिया एवं इटारसी में भी ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जाने का कार्य तेजी से जारी है।  प्रभारी मंत्री सिंह ने प्रगतिरत ऑक्सीजन प्लांट का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश। प्रभारी मंत्री सिंह ने टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की और केंद्रों पर नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

मंत्री सिंह ने जिला अस्पताल में 20 बेड्स के कोरोना वार्ड का किया लोकार्पण

कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए जिला अस्पताल होशंगाबाद में ठोस व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार 23 जुलाई को खनिज एवं जिले के प्रभारी मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने जिला अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र भवन में उन्नयन कर बनाए गए आधुनिक 20 बेड्स के कोरोना वार्ड का लोकार्पण किया। प्रभारी मंत्री सिंह ने वार्ड का अवलोकन किया और जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए किए प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि नवीन कोरोना वार्ड में कोविड के इलाज के लिए  जरूरी समस्त आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।प्रतिभूति  कागज कारखाना से सीएसआर अंतर्गत प्राप्त 300 हाइड्रोलिक बेड्स अस्पताल में शिफ्ट कर दिए गए हैं।