'रोको टोको अभियान' के तहत गोहद व आलमपुर में कार्रवाई, बिना मास्क वालों के चालान काटे
भोपाल
मध्य प्रदेश के गोहद और आलमपुर नगर के लोगों में मास्क के उपयोग के प्रति जागरूकता लाने और जरूरतमंद लोगों को मास्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन के निर्देश पर रोको टोको अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सोमवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने बाजार में बिना मास्क पाए व्यक्तियों पर जुर्माने की कार्रवाई की। साथ ही अधिकारियों ने लोगों को मास्क लगाने की समझाइश दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी पर 100-100रुपए का जुर्माना लगाया। इस दौरान थाना प्रभारी गोपाल सिंह सिकरवार ने लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि कोरोना से बचने का मास्क एक मात्र कारगर उपाय है। इसलिए आमजन मास्क को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य रूप से हिस्सा बना लें। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन जरूर लगवाएं और दूसरों को भी वैक्सीन की डोज लेने के लिए प्रेरित करें। सरकारी अस्पताल में नि:शुल्क रूप से कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। स्वेच्छा से आगे आकर कोरोना वैक्सीन की डोज लें, ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।
इसी क्रम में आलमपुर नगर में एसडीएम आरए प्रजापति, तहसीलदार नवीन भारद्वाज, सीएमओ बाबूलाल कुशवाह, थाना प्रभारी कमलकांत दुबे और बाबू शिवशंकर जाटव ने बस स्टैंड, विजय मंच सहित अन्य जगहों पर कार्रवाई करते हुए 10 से अधिक बिना मास्क दुकानों पर ग्राहकों को सामान दे रहे दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए 100-100 रुपए के चालान काटे। इस दौरान एसडीएम प्रजापति ने कहा कि आज तो हमारे द्वारा आप लोगों को समझाइश दी जा रही है, अगर आगे बिना मास्क दुकानों पर बैठे मिले तो 500 रुपए का चालान काटा जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com 