भोपाल खुला, लेकिन कोलार में सात दिन का टोटल लॉकडाउन जारी
भोपाल
भोपाल में 60 घंटे का टोटल लॉकडाउन आज सुबह छह बजे खत्म हो गया। वहीं, कोलार और शाहपुरा इलाके में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने के कारण यहां के सात वार्डों को कंटेनमेंट इलाका घोषित कर लगातार 9 दिन का टोटल लॉकडाउन लगाया गया है। आज सुबह छह बजे से यहां पर टोटल लॉकडाउन है। लेकिन जिला प्रशासन का निर्णय असमंजस वाला होने के कारण लोग परेशान हो रहे हैं।
प्रशासन ने पूरे शहर को खोल रखा है, लेकिन कोलार को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में यहां से सरकारी, प्राइवेट जॉब और अन्य कामकाज करने वालों को आवागमन की छूट के कारण आज सुबह यहां पर भयंकर जाम की स्थिति बनी। ऐसे में प्रशासन का यह आदेश जमीनी हकीकत से परे है। पूरे शहर में या तो टोटल लॉकडाउन लगाना चाहिए या फिर सब कुछ खोला चाहिए, ताकि शहर में अव्यवस्था ना फैले।
पुलिस प्रशासन ने पूरे कोलार रोड में नाकाबंदी करते हुए बेरीकेडिंग करके बंद कर दिया। इससे यहां पर आवागमन करने वाले हजारों वाहन जाम में फंस गए। वाहन चालकों को आधा-एक घंटे इंतजार करना पड़ा। दरअसल, कोलार की करीब 70 फीसदी आबादी सरकारी, प्राइवेट जॉब सहित अन्य कामकाज के लिए भोपाल के तमाम इलाकों में आवागमन करती है। इस कारण अचानक वाहनों का हुजूम निकलने के कारण कोलार की व्यवस्था फेल हो गई।
कोलार में इन्हें दी छूट
- स्वास्थ्य सेवाओं और अतिआवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट।
- मीडियाकर्मी, अस्पताल, मेडिकल व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट।
- अखबार और दूध बांटने और सांची पार्लर सुबह 7 बजे से लेकर 10 बजे तक खुलने की छूट।
- सभी बैंक और एटीएम चालू, इनसे जुड़े लोगों को छूट।
- वैक्सीनेशन कराने वालों को छूट।
- नगर निगम कर्मचारियों और उनसे जुड़े लोगों को छूट।
- औद्योगिक इकाईयों में कार्यरत मजदूरों और कर्मचारियों को छूट।
- सरकारी कर्मचारियों को आवागमन की छूट।
- एसडीएम की अनुमति से रेडी टू ईट वस्तुओं की होम डिलीवरी वालों को छूट।
bhavtarini.com@gmail.com 