पुलिस जवानों का स्ट्रेस दूर करेगा यू ट्यूब चैनल, प्रशिक्षण शाखा तैयार
भोपाल
कोरोना संक्रमण में पुलिसकर्मियों के मनोबल बना रहे, उनका मनोरंजन भी हो और वे तनाव से मुक्त भी रहे। इसे लेकर पुलिस मुख्यालय की प्रशिक्षण शाखा ने फिर से पहल की है। इस शाखा ने एक साल पहले इन्हीं परिस्थितियों में यूट्यूब चैनल इसी उद्देश्य से शुरू किया था, अब फिर से इस चैनल को पुलिसकर्मियों और अफसरों के मनोबल को बढ़ाने के कार्यक्रम ज्यादा से ज्यादा दिखाए जाने की तैयारी हो गई है।
मध्य प्रदेश पुलिस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पुलिसनामा को राहत देने वाली खबरों के संवाद का माध्यम बनाया गया है। यह चैनल पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के दौरान पुलिसकर्मियों में उपजे तनाव को कम करने के लिए शुरू किया गया था। अब इस पर फिर नए सिरे से काम शुरू कर दिया गया है। इसमें पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान तनावमुक्त रहने, संक्रमण से बचने के उपाय बताए जाएंगे। इसके अलावा किस्सागोई के जरिये मनोरंजन भी किया जाएगा।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में कई पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहने के दौरान जान गंवा चुके हैं। संक्रमण की स्थिति और व्यवस्थाओं की हकीकत उनके सामने होती है, इसलिए वे जल्द तनावग्रस्त हो जाते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों को सकारात्मकता की ओर ले जाने के उपाय तलाशने की जिम्मेदारी प्रशिक्षण शाखा ने ली है। वे यूट्यूब चैनल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने और बचाव की जानकारी देंगे।
प्रशिक्षण शाखा के अधिकारियों ने इसकी रूपरेखा तैयार कर ली है। जल्द ही नए वीडियो अपलोड करना शुरू कर दिए जाएंगे। प्रमुखता कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी को दी जाएगी। इसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने संबंधी उपाय भी साझा किए जाएंगे। इसके अलावा सकारात्मक बातों से आत्मविश्वास बनाए रखने पर बात होगी। मजेदार घटनाओं पर आधारित किस्सागोई के वीडियो भी जारी किए जाएंगे। इसमें वरिष्ठ अधिकारी अपने सेवाकाल के दौरान घटित मजेदार किस्से साझा करेंगे। यह सहज हास्य पैदा करने वाला कार्यक्रम होगा।
bhavtarini.com@gmail.com
