भोपाल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि हमने एक साल में चुनौतियों को अवसर में बदलने का काम किया है। मैंने संगठन की जिम्मेदारी पर खरा उतरने की कोशिश की है और यह प्रयास किया है कि मध्यप्रदेश का संगठन एक नम्बर पर रहे। कोरोना काल में एक राजनीतिक दल के नाते अपनी सेवा की भूमिका निभाने के लिए कार्यकर्ताओं को श्रेय देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक अद्भुत राजनीतिक गतिविधि रही है।
संकट के समय संघर्ष के नारे नहीं बल्कि शांत भाव से सेवा में जुट जाने का यह उदाहरण स्वयंसेवक या जनसंघ और भाजपा के कार्यकर्ता पेश कर सकते हैं। शर्मा ने यह बातें एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर कहीं हैं। आज भाजपा दफ्तर पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और एक साल में किए गए काम याद कर उन्हें बधाई दी।
कई नेताओं ने उन्हें शुभंकर भी कहा
गौरतलब है कि एक साल के कार्यकाल में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और संगठन में मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक भारी बदलाव हुए जिसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें शुभंकर भी कहा है। 15 फरवरी 2020 को शर्मा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त हुए थे।
संगठन में निचले स्तर पर ठोस बदलाव
वीडी शर्मा के अध्यक्ष बनने के बाद 19 जिला अध्यक्षों की घोषणा की। संगठन की मजबूती के लिए प्रदेश के 1070 मंडलों में 95 फीसदी मंडलों के अध्यक्ष नियुक्त किए गए। इनकी उम्र सीमा 35 से चालीस साल तक रखकर प्रदेश में युवा नेतृत्व को बढ़ावा दिया।
13 जनवरी 21 को नए पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों की टीम घोषित कर संगठन में पीढ़ी परिवर्तन को मजबूती देने का काम किया गया। इस बीच मंडल, जिला और प्रदेश पदाधिकारियों के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित कराए गए। जिलों में बनने वाली जिला कार्यसमिति के लिए प्रदेश भाजपा के नए निजाम ने हर जिले में दो प्रदेश प्रतिनिधि भेजकर उन्हें तीन दिन तक जिलों में रोककर उनसे रायशुमारी कराई और फिर रिपोर्ट संगठन के पास मंगाई।