CM का जन्मदिन कल, शिवराज ने कहा फूल-माला न दें, मेरे जन्म दिन पर पौधा लगाएं

CM का जन्मदिन कल, शिवराज ने कहा फूल-माला न दें, मेरे जन्म दिन पर पौधा लगाएं

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि उनके जन्मदिन पर फूल-माला और बुके से स्वागत न करें। लोग यह संकल्प लें कि अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाएं और जो लोग उन्हें जन्मदिन पर बुके और माला से स्वागत कर बधाई देना चाहते हैं वे भी पौधे लगाएं।

गुरुवार को पौधरोपण के बाद सीएम चौहान ने कहा कि 5 मार्च को मेरा जन्मदिन है। मेरा हमेशा संकल्प यही रहता है कि जीवन का हर क्षण सार्थक हो। हम अपने लिए नहीं बल्कि अपनों के काम आएं और अपनी प्रदेश की जनता है। हम सरकार के माध्यम से तो सार्थक काम कर ही रहे हैं लेकिन मन में यह भाव भी आया है कि जन्मदिन के अवसर को भी उद्देश्य पूर्ण बनाया जाए। चौहान ने कहा कि मैंने 1 साल तक रोज एक पेड़ लगाने का संकल्प लिया है। धरती हमारी मां है, मां हमें सब कुछ देती है परंतु हमें भी उसे कुछ देना है।

 पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के कारण पर्यावरण बिगड़ रहा है, धरती की सतह का तापमान लगातार बढ़ रहा है और ऐसा अनुमान है कि 2050 तक यह 2 डिग्री सेंटीग्रेड तक बढ़ जाएगा। तब स्थितियां ऐसी बन सकती हैं कि धरती पर मानव और जीव-जंतुओं का अस्तित्व ही संकट में पड़ जाए। हम आने वाले संकट को पहचानते हुए पर्यावरण बचाने के लिए आज से यह सार्थक प्रयास करें। पर्यावरण बचाने का प्रभावी माध्यम है कि हम धरती मां का श्रंगार पेड़ लगाकर करें। आप जन्मदिन आदि शुभ अवसरों पर पेड़ लगाएं।

प्रसन्नता की बात है कि मध्य प्रदेश में वन क्षेत्र लगातार बढा है, उसको और बढ़ाएं। हम पेड़ लगाएंगे तो सबका हित होगा। चौहान ने कहा कि मेरे इस जन्मदिन पर फूलों की मालाओं, बूकों आदि से स्वागत न करें, अगर हो सके तो एक पेड़ लगाएं। जरूरी नहीं कि मेरे जन्मदिन पर ही पेड़ लगाएं, आप अपने जीवन के हर शुभ अवसर पर पेड़ लगाएं।