विश्व स्नूकर चैंपियनशिप: अनुपमा रामचंद्रन ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार बनीं विश्व विजेता
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का समापन भारतीय खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि के साथ हुआ। भारत की 24 वर्षीय स्नूकर खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन ने महिला वर्ग का खिताब लगातार दूसरी बार जीतकर इतिहास रच दिया। वह लगातार दो बार महिला विश्व स्नूकर चैंपियन बनने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। फाइनल मुकाबले में अनुपमा ने हांगकांग की सो मैन यान को 3-1 से पराजित किया।
पुरुष वर्ग में ईरान के 32 वर्षीय खिलाड़ी अली घरहागोजलू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगकांग के टैम युन फंग को 5-1 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इंदौर के यशवंत क्लब में आयोजित इस प्रतियोगिता में 30 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अनुपमा ने वापसी करते हुए जीता फाइनल
महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला अनुपमा रामचंद्रन और हांगकांग की सो मैन यान के बीच खेला गया। मुकाबले की पहली फ्रेम में यान ने 58-16 से जीत दर्ज कर बढ़त बना ली। हालांकि, अनुपमा ने दबाव में आए बिना शानदार वापसी की और दूसरी फ्रेम 83-7 से जीतकर स्कोर बराबर कर दिया।
इसके बाद अनुपमा ने तीसरी फ्रेम 85-26 और चौथी फ्रेम 65-37 से अपने नाम कर ली। इस तरह उन्होंने लगातार तीन फ्रेम जीतकर मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया। सटीक निशाने और बेहतरीन खेल के दम पर अनुपमा ने विश्व खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।
पुरुष वर्ग में अली घरहागोजलू दूसरी बार बने विश्व चैंपियन
पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के अली घरहागोजलू और हांगकांग के टैम युन फंग आमने-सामने थे। अली ने पहली फ्रेम में 55 का ब्रेक लगाकर जीत हासिल की, लेकिन दूसरी फ्रेम में फंग ने 73 का ब्रेक लगाते हुए मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद अली ने शानदार खेल दिखाया और लगातार तीन फ्रेम जीतकर 4-1 की बढ़त बना ली। पांचवीं फ्रेम में 65 और छठी फ्रेम में 85 का ब्रेक लगाकर उन्होंने मुकाबला 5-1 से जीत लिया। मैच की छह फ्रेम के स्कोर 68-23, 26-96, 63-27, 63-33, 78-40 और 85-0 रहे।
भारत के पद्मभूषण सम्मानित और 29 बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें सेमीफाइनल मुकाबले में अली घरहागोजलू ने 5-3 से हराया था।
दोहा में भी जीता था विश्व खिताब
अनुपमा रामचंद्रन ने नवंबर 2025 में दोहा में आयोजित विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब जीतकर सीनियर स्तर पर अपना पहला विश्व खिताब हासिल किया था। फाइनल में उन्होंने हांगकांग की एनजी ऑन यी को 3-2 से हराया था। अब इंदौर में खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर उन्होंने लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
अनुपमा का अंतरराष्ट्रीय करियर भी काफी शानदार रहा है। उन्होंने वर्ष 2017 में अंडर-16 गर्ल्स वर्ल्ड ओपन स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वर्ष 2023 में रियाद में आयोजित आईबीएसएफ विश्व अंडर-21 महिला स्नूकर चैंपियनशिप में भी उन्होंने खिताब जीता। इसी वर्ष वह टीम स्पर्धा में विश्व महिला स्नूकर कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहीं।
विदेशी खिलाड़ियों ने की इंदौर की मेजबानी की तारीफ
विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने आए विदेशी खिलाड़ियों ने इंदौर की व्यवस्थाओं, मौसम और मेहमाननवाजी की जमकर सराहना की। आईबीएसएफ अध्यक्ष मुबारक अल खारियान ने भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इंदौर में भविष्य में भी विश्वस्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के अध्यक्ष बालासुब्रमण्यम, सचिव सुनील बजाज, आईबीएसएफ के जीम लेसी, मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर एसोसिएशन के अध्यक्ष भोलू मेहता, महासंघ की उपाध्यक्ष अश्विनी पुराणिक, यशवंत क्लब के अध्यक्ष जीतू जैन और सचिव विजय कस्तूरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अनुपमा रामचंद्रन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने भारतीय महिला स्नूकर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
bhavtarini.com@gmail.com

