मप्र पंचायत चुनाव: ओबीसी के खाते में जिला पंचायत अध्यक्ष की सिर्फ 4 ही सीट

मप्र पंचायत चुनाव: ओबीसी के खाते में जिला पंचायत अध्यक्ष की सिर्फ 4 ही सीट

पिछड़ा वर्ग (ओबीसी)को बड़ा झटका, नौ सीटों का नुकसान

भोपाल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष पद के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो गई। इसमें पिछड़ा वर्ग (ओबीसी)को बड़ा झटका लगा है। 2014-15 के चुनाव में ओबीसी वर्ग के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष पद की 13 सीटें आरक्षित थीं लेकिन इस बार हुए आरक्षण में ये घटकर चार रह गईं यानी नौ सीटों का सीधे-सीधे नुकसान हुआ है।

अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को 22 सीटें 
दरसअल, सुप्रीम कोर्ट ने 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा में रहते हुए अनुसूचित जाति-जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए सीटें आरक्षित करने के आदेश दिए थे। अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को 22 सीटें मिलीं हैं। पिछले चुनाव में भी ये इतनी ही थीं।

मटके में लाट निकालकर आरक्षण किया गया
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संचालक पंचायतराज आलोक कुमार सिंह ने पिछले चुनाव की आरक्षित सीटों को अलग निकालकर आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कराई। मटके में लाट निकालकर आरक्षण किया गया। अनुसूचित क्षेत्र (शेड्यूल एरिया)की जिला पंचायत झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडोरी और बड़वानी में अध्यक्ष पद को पहले ही अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया था। इसके बाद अन्य जिलों में से लाट निकालकर सीटें आरक्षित की गईं। सभी वर्गों में महिलाओं के लिए पचास प्रतिशत पद आरक्षित किए गए हैं। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।

कहां किस वर्ग के लिए कितनी सीटें

अनुसूचित जाति- ग्वालियर (महिला), खंडवा, छिंदवाड़ा, इंदौर (महिला), सिवनी, कटनी, रतलाम (महिला) और देवास (महिला)।

अनुसूचित जनजाति- मंडला, डिंडोरी, आलीराजपुर (महिला), बड़वानी, झाबुआ (महिला), श्योपुर (महिला), नर्मदापुरम (महिला), सतना, सिंगरौली (महिला), हरदा, जबलपुर, बुरहानपुर, रीवा (महिला) और नरसिंहपुर (महिला)।

अनारक्षित- अनूपपुर (महिला), विदिशा (महिला), शिवपुरी, अशोकनगर, राजगढ़, मुरैना (महिला), खरगोन, पन्न्ा (महिला), उमरिया (महिला), धार, बैतूल, भोपाल (महिला), भिंड (महिला), शहडोल (महिला), सीधी (महिला), सीहोर, बालाघाट, निवाड़ी (महिला), रायसेन, नीमच, सागर, आगर मालवा, उज्जैन (महिला), टीकमगढ़ (महिला), छतरपुर (महिला) और दतिया।

पिछले चुनाव 2014 में ओबीसी के लिए ये सीटें थीं आरक्षित- भोपाल, हरदा (महिला), मुरैना, राजगढ़ (महिला), नरसिंहपुर, अशोकनगर (महिला), शिवपुरी (महिला),बुरहानपुर (महिला), विदिशा, सतना (महिला), कटनी (महिला), श्योपुर और नर्मदापुरम ।