ओलिंपिक पदक विजेता सागर का जोरदार स्वागत, सीएम ने बनाया डीएसपी 

ओलिंपिक पदक विजेता सागर का जोरदार स्वागत, सीएम ने बनाया डीएसपी 

भोपाल। ओलिंपिक कांस्य विजेता विवेक सागर के राजधानी भोपाल पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर के साथ स्‍मार्ट सिटी पार्क में पौधरोपण किया। सीएम के निवास पर विवेक का मिठाई खिलाकर स्वागत किया एवं ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस दौरान खेल मंत्री यशोधरा राजे भी वहां मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री चौहान ने सागर को डीएसपी पद पर नियुक्ति देने का ऐलान किया।

इसके पहले विवेक सागर का भोपाल पहुंचने पर गुरुवार को राजा भोज एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने विवेक की आत्मीय अगवानी की। विवेक एयर इंडिया की नियमित दिल्ली उड़ान से सुबह 7:30 बजे भोपाल पहुंचे। उनकी अगवानी के लिए खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया कुछ समय पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गई थीं।

खेल अकादमी से जुड़े सदस्यों ने एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही विवेक पर पुष्पवर्षा कर ढोल धमाकों के बीच उनका अभिनंदन किया। उत्साही युवाओं ने विवेक को कंधे पर उठाकर विजय मुद्रा में अभिनंदन किया।