भोपाल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री चौहान कल एक लाख लोगों को पीएम आवास योजना में बने मकानों में गृह प्रवेश कराएंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वर्चुअली जुड़ेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के 2 लाख हितग्राहियों को गृह-प्रवेश कराया था
इससे पूर्व 12 सितम्बर 2020 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश के 2 लाख हितग्राहियों को गृह-प्रवेश कराया था। मध्यप्रदेश में कोरोना की चुनौतियों से निपटते हुए 3 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं। पीएम आवास योजना में गृह प्रवेश की प्रक्रिया में सबसे अधिक हितग्राही विदिशा जिले के 4970 हैं।
अनूपपुर में 4837 लोगों को पीएम आवास में प्रवेश दिलाया जाएगा
पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अनूपपुर में 4837 लोगों को पीएम आवास में प्रवेश दिलाया जाएगा। इस तरह 14146 ग्राम पंचायतों में एक लाख से अधिक लोगों को पीएम आवास में गृह प्रवेश कराया जाएगा। जिन एक लाख हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया जा रहा है, उन्हें एक लाख बीस हजार के मान से लगभग 12 सौ करोड़ से अधिक राशि उनके खातों में अंतरित की गई थी।
सभी परिवार ऐसे थे जिनके पास घर नहीं था
बताया गया कि प्रदेश में इस योजना में 18 लाख ग्रामीण परिवारों को अपना घर उपलब्ध कराया गया है। ये सभी परिवार ऐसे थे जिनके पास घर नहीं था या वे कच्चे जीर्ण-शीर्ण घरों में रह रहे थे। हितग्राही को मकान निर्माण के लिए जिलों में 1.20 लाख तथा पहुंच-विहीन, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में 1.30 लाख रुपए अनुदान के रूप में दिए जाते हैं। मकान के साथ ही स्वच्छ शौचालय का निर्माण भी किया जाता है।
उज्जवला योजनान्तर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन भी उपलब्ध कराया जाता है
हितग्राही को उज्जवला योजनान्तर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन भी उपलब्ध कराया जाता है। योजनान्तर्गत चार किश्तों में आवास सॉफ्ट-एप के माध्यम से जियो टेग, फोटो अपलोड होने पर राशि हितग्राही के खाते में अंतरित हो जाती है। आवासों को पूर्ण करने का अधिकतम समय 12 माह है परन्तु यह आवास कोविड-19 के चुनौतीपूर्ण समय में अत्यंत कम अवधि में तेजी से पूर्ण किए गए हैं जबकि राष्ट्रीय स्तर पर आवासों की पूर्णता की अवधि 114 दिन है।