15 मार्च से शिवराज का असम, बंगाल चुनावी दौरा
भोपाल
सीएम शिवराज सिंह चौहान 15 व 16 मार्च को असम व पश्चिम बंगाल में चुनावी सभाएं करने जाएंगे। असम में सीएम चौहान का तीन चुनावी सभाओं का कार्यक्रम 15 मार्च को तय हुआ है जिसमें वे नाहरकटिया विधानसभा, दुलियाजान विधानसभा और डिब्रूगढ़ विधानसभा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा लेंगे।
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत की भी केंद्रीय नेतृत्व ने असम में ही ड्यूटी लगा रखी है। इसके बाद सीएम चौहान का पश्चिम बंगाल में चुनावी सभाओं का कार्यक्रम है। पश्चिम बंगाल में मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, अरविन्द भदौरिया के अलावा केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय आदि लगातार चुनावी संवाद कर रहे हैं।
चुनाव आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल में चुनाव तारीखों का ऐलान करने के बाद सीएम शिवराज का यह दूसरा पश्चिम बंगाल दौरा होगा। पहले दौरे में उन्होंने कोलकाता और आस-पास के इलाकों में चुनावी सभाएं और रोड शो किए थे।
अब स्टार प्रचारक घोषित होने के बाद वे जल्द दौरे पर जाएंगे। गौरतलब है कि चौहान के अलावा भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने नरोत्तम मिश्रा, फग्गन सिंह कुलस्ते को भी पार्टी का स्टार प्रचारक बनाया है।
bhavtarini.com@gmail.com 