ग्वालियर-चंबल की 16 सीटों पर दोनों ही पार्टियों का फोकस, शिवराज-सिंधिया कल से उपचुनाव वाले विधानसभा में जाएंगे साथ-साथ

ग्वालियर-चंबल की 16 सीटों पर दोनों ही पार्टियों का फोकस, शिवराज-सिंधिया कल से उपचुनाव वाले विधानसभा में जाएंगे साथ-साथ

भोपाल
उपचुनाव वाले विधानसभा क्षेत्रों में एक हफ्ते तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बाद अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की जोड़ी भी लगातार एक हफ्ते तक ग्वालियर चंबल क्षेत्र की 16 विधानसभा सीटों पर साथ दौरे करेगी। इस दौरे में इन क्षेत्रों की जनता के लिए शिवराज सरकार ने 2600 करोड़ रुपए के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के जरिये विकास कार्यों की सौगात देने का खाका तैयार कर लिया है। शिवराज सिंधिया की जोड़ी दूसरे दौर में 17 से 20 सितम्बर के बीच 11 विधानसभा के दौरे करेगी। इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष शर्मा व केंद्रीय मंत्री तोमर यहां कार्यकर्ता सम्मेलन कर चुके हैं।

सीएम शिवराज और सांसद सिंधिया के कार्यक्रम के पहले दौर में 9 से 14 सितंबर के मध्य लगभग 1600 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 1000 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। कल शुरुआत आगर से होगी। इशके बाद हाटपिपल्या में  60 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन होगा। 10 सितम्बर को दिमनी में करीब 71 करोड़ का भूमिपूजन और 22 करोड़ के कार्य का लोकार्पण और अम्बाह में 62 करोड़ के काम का भूमिपूजन और 21 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। मेंहगांव में 204 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 7 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है।

मुख्यमंत्री शिवराज 11 सितम्बर को विधानसभा  डबरा, भांडेर और पोहरी के दौरे पर रहेंगे। पोहरी में 279 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 10 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, भांडेर में 43 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 17 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया जाना है। डबरा में 73 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 77 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण होगा। दोनों ही नेता 12 सितम्बर को जौरा, सुमावली और मुरैना के दौरे पर रहेंगे। मुरैना में 73 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 194 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। सुमावली में 76 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 7 करोड़ का लोकार्पण किया जाना है। जौरा में 34 करोड़ का भूमिपूजन और 8 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण है।