कोरोना वायरस: स्पेन में 4000 के पार मौत का आंकड़ा, दुनियाभर में गईं 22 हजार से ज्यादा जानें

कोरोना वायरस: स्पेन में 4000 के पार मौत का आंकड़ा, दुनियाभर में गईं 22 हजार से ज्यादा जानें

मैड्रिड 
स्पेन में कोरोना वायरस से 24 घंटों के भीतर 655 लोगों की मौत होने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 4,089 हो गई है। मरने वालों की संख्या में मंगलवार के मुकाबले 19% बढ़ोतरी के अलावा स्पेन में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या भी 56,188 है। वहीं, पूरी दुनिया में अब तक 491,204 लोग इस घातक वायरस की चपेट में आ चुके हैं और 22,165 की मौत हो चुकी है। 

स्पेन में लॉकडाउन का असर नहीं 
दुनियाभर में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा मौतें इटली के बाद स्पेन में हुई हैं। स्पेन में 14 मार्च को राष्ट्रीय स्तर पर लॉकडाउन लागू कर दिया गया था। संसद ने इसे बढ़ाकर 11 अप्रैल तक कर दिया। इस बीच, अधिकारियों ने विशेषकर इस हफ्ते हालात खराब रहने की चेतावनी दी है। मैड्रिड में राष्ट्रीय औसत के मुकाबले 17,166 संक्रमितों के साथ करीब एक तिहाई संक्रमण के मामले हैं जबकि 2,090 मौतों के साथ करीब आधी मौत के मामले इस क्षेत्र में दर्ज किए गए हैं। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की पत्नी भी संक्रमित हैं। 

चीन से ज्यादा इटली में नुकसान 
शुरुआती हमला झेल चुके चीन में कुल 81,285 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। यहां 4.04% की मृत्यु दर के साथ मरने वालों की संख्या 3,287 है। अब तक 74,051 लोग ठीक भी हो चुके हैं। स्पेन से ज्यादा खराब इटली में बने हुए हैं जहां मरने वालों की संख्या चीन से भी कहीं ज्यादा 7,503 हो गई है जबकि कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 74,386 है और सिर्फ 9,362 लोग ठीक हो सके हैं। 

महाशक्ति अमेरिका भी भुगत रहा 
दूसरी ओर महाशक्ति अमेरिका भी कोरोना वायरस के आगे बेबस नजर आ रहा है। यहां मौत का आंकड़ा 1,041 पहुंच चुका है। 68,481 कोरोना पॉजिटिव मरीज पूरे देश में पाए गए हैं जबकि सिर्फ 46 लोग ही ठीक हो सके हैं। अमेरिका में तेजी से बढ़ते इन्फेक्शन को देखते हुए वर्ल्ड स्वास्थ्य संगठन की प्रवक्ता मार्ग्रेट हैरिस ने मंगलवार को ही संकेत दिए थे कि अमेरिका अगला इटली बन सकता है। मार्ग्रेट से पूछा गया था कि क्या अमेरिका कोरोना वायरस का अगला केंद्र बन सकता है तो उन्होंने कहा था कि अमेरिका में जिस तेजी से मामले बढ़ रहे हैं, ऐसा हो सकता है। 

भारत में 13 की मौत 
कोरोना वायरस का कहर दुनिया के साथ-साथ भारत में भी बढ़ता जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी कल पूरे देश में तीन सप्ताह के लिए लॉकडाउन की घोषणा कर दीहै। अब तक 654 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें से 43 विदेशी हैं। 43 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं, 13 लोगों की मौत भी हो चुकी है।