हुनर हाट: सरकारी आयोजन में बंटेंगे कोदों कुटकी के व्यंजन-सीएम

हुनर हाट: सरकारी आयोजन में बंटेंगे कोदों कुटकी के व्यंजन-सीएम

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के हुनर हाट में स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों का निरीक्षण करने के बाद कहा कि सरकारी आयोजनों में कोदों कुटकी के व्यंजन परोसे जाएंगे। उन्होंने इस मौके पर इन व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया। महिला दिवस पर हुए इस हाट के शुभारंभ कार्यक्रम में सीएम चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह भी साथ रहीं।

लोकल को वोकल बनाने के लिये भोपाल के हुनर-हाट में 8 से 10 मार्च तक प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्व-सहायता समूहों की परिश्रमी और हुनरमंद महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया जाना है। इसमें कोदो-कुटकी से बने हुए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन जैसे बिस्किट, नमकीन, गोंड पेंटिग, पावरलूम की चादरें, सुपारी के खिलौनें, शहद, काष्ठ शिल्प, बाँस के खिलौनें, घरेलू उपयोग की वस्तुएँ, वेल मेटल, साड़ियाँ, श्रृंगार सामग्री, सूट एवं ड्रेस मेटेरियल आदि का प्रदर्शन और विक्रय किया जाएगा। हुनर-हाट में 70 स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद लेकर आए हैं। जिन जिलों से अधिक संख्या में समूह आए हैं उनमें बालाघाट, डिण्डौरी, रायसेन, बडवानी, अनूपपुर, सतना, उमरिया जिले हैं।

सीएम चौहान आज मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ग्रामीण स्व-सहायता समूहों का सम्मेलन में शामिल होंगे। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्व-सहायता समूह के सदस्यों को 200 करोड़ रुपए के बैंक ऋण वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान कुछ जिलों के समूह सदस्यों से वीसी के माध्यम से सीधा संवाद भी करेंगे।