सांची विश्वविद्यालय की कुलपति बनीं डॉ नीरजा ए गुप्ता

सांची विश्वविद्यालय की कुलपति बनीं डॉ नीरजा ए गुप्ता

सांची
मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने डॉ. नीरजा ए. गुप्ता को सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। म.प्र राजभवन से जारी आदेश में उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने से 4 वर्ष या 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने की दिनांक तक की गई है। डॉ. नीरजा गुप्ता वर्तमान में गुजरात अहमदाबाद के खानपुर स्थित भारतीय विद्या भवन के आर.ए पी जी कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स में प्रोफेसर व प्राचार्य हैं।

डॉ. गुप्ता 2006 से 2012 तक अहमदाबाद के गुजरात विश्वविद्यालय के विदेश शिक्षा कार्यक्रम की सलाहकार भी रह चुकी हैं। उन्होंने 1992 में मेरठ विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की थी। वे हिंदी, संस्कृत, गुजराती, मराठी, असमिया के अतिरिक्त उर्दू में भी ज्ञान रखती हैं। साथ ही साथ प्राकृत जैसी प्राचीन भारतीय भाषा में भी उन्हें महारथ हासिल है। अंग्रेज़ी के साथ-साथ डॉ गुप्ता रूसी भाषा पर भी विद्वता रखती हैं और वे अकादमिक कार्यक्रमों हेतु 42 देशों की यात्रा कर चुकी है। डॉ गुप्ता 16 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से भी जुड़ी हुई है।

डॉ. नीरजा गुप्ता ने 2011 में रामायण के विभिन्न संस्करणों पर एक शोध परियोजना भी पूर्ण की है। डॉ. गुप्ता को 2011 में ही शिक्षा की व्यवसायिकता पर शिक्षा शोध परियोजना हेतु शिक्षा भारती पुरस्कार प्राप्त हुआ था। 2013 में डॉ. गुप्ता द्वारा ‘प्रवासियों व विस्थापतों’ पर शोध परियोजना पूर्ण की गई थी। उन्हें 2002 में न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के लीडरशिप इंस्टीट्यूट व लॉयन्स इंस्टीट्यूट का बेस्ट ग्रेजुएट पुरस्कार भी मिल चुका है।

हाल में गृह मंत्रालय द्वारा नियुक्त जम्मू एवं कश्मीर के महत्वपूर्ण कार्य में मुख्य निदेशिका के रूप में भी कार्य किया है। सांची विश्वविद्यालय की साधारण परिषद द्वारा  अनुशंसित नामों के पैनल में से राज्यपाल द्वारा डॉ. नीरजा ए गुप्ता को नियुक्ति प्रदान की गई है।