भाजपा दमोह चुनाव के बाद करेगी नई कार्यसमिति की घोषणा, सूची तैयार
भोपाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दमोह विधानसभा चुनाव प्रचार के बाद कभी भी प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर सकते हैं। कार्यसमिति में शामिल किए जाने वाले नेताओं और पदाधिकारियों के नाम शार्ट लिस्टिंग के बाद चयनित किए गए हैं। इस सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है क्योंकि प्रदेश संगठन ने कार्यसमिति में कम से कम लोगों को शामिल करने का फैसला किया है। इसके साथ ही प्रवक्ताओं की भी सूची जल्द जारी होने की संभावना है।
पंद्रह दिन से दमोह की चुनावी राजनीति में रचे बसे प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने दमोह की गलियों और सड़कों को नापने का काम किया है। इस दौरान वे रोज हजारों कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते रहे हैं। अब जबकि आज चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा तो यह माना जा रहा है कि भोपाल लौटने के बाद वे किसी भी दिन प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि सूची तैयार कर ली गई है। इस सूची के बारे में जो खास बातें पता चली हैं, उसके मुताबिक प्रदेश और संभाग स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं को पिछली कार्यसमिति में स्थान मिला था पर इस बार उनके नाम बाहर हो सकते हैं। कार्यसमिति में स्थायी आमंत्रित सदस्यों और विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या में भी काफी कमी की गई है। पूर्व में इस सूची में दो सौ तक नाम शामिल किए जाने की बात आई थी लेकिन अब इससे भी कम संख्या वाली कार्यसमिति घोषित होने की स्थिति बताई जा रही है।
प्रदेश कार्यसमिति में युवाओं को ही मौका दिया जाएगा। यह भी साफ हो गया है। इसके साथ ही इस बात के भी संकेत मिले हैं कि प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट के पदों में भी कमी की जा सकती है। हालांकि सूची में सभी वरिष्ठ नेताओं के समर्थकों को मौका दिया जाना तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि अभी जिलों की कार्यसमिति की भी घोषणा किया जाना बाकी है। इसके लिए भी जनवरी में मंगाए गए नामों पर अंतिम सहमति बन चुकी है।
bhavtarini.com@gmail.com 