प्रदेश के कई जिलों में कोरोना कर्फ्यू, बिना परीक्षा के पास होंगे 9वीं, 11वीं के छात्र
भोपाल
मध्य प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में नौवीं और 11वीं कक्षा के छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं. मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने कहा है कि प्रदेश के कई जिलों में कोरोना कर्फ्यू लगा है. इस वजह से परीक्षाएं कराना संभव नहीं है. छात्रों को बेस्ट ऑफ फाइव के तहत पास किया जाएगा. कोई छात्र छह विषयों में से पांच में पास हो जाता है तो उसे पास घोषित कर दिया जाएगा. विभाग ने आदेश में कहा है कि छात्रों का मूल्यांकन छमाही परीक्षा के आधार पर किया जाएगा.
मध्य प्रदेश की लोक शिक्षण आयुक्त जयश्री कियावत ने बताया कि सभी शासकीय विद्यालयों में नौवीं और 11वीं के छात्रों का मूल्यांकन रिवीजन टेस्ट और छमाही परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. एक से नौ फरवरी तक हुई छमाही परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर पास किया जाएगा. परीक्षा परिणाम की गणना बेस्ट फाइव के आधार पर की जाएगी, यदि विद्यार्थी छह में से पांच विषय में पास है और एक विषय में न्यूनतम निर्धारित 33 अंक प्राप्त नहीं कर सका हो तो भी उसे पास घोषित किया जाएगा.
एक से अधिक विषयों में न्यूनतम निर्धारित अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए अधिकतम 10 अंक कृपांक के रूप में प्रदान किए जा सकेंगे. कृपांक के अधिकतम 10 अंक आवश्यकता अनुसार एक से अधिक विषयों में भी आवंटित किए जा सकेंगे. कृपांक के उपरांत भी यदि विद्यार्थी को दो अथवा अधिक विषयों में न्यूनतम निर्धारित अंक प्राप्त नहीं हुए हो तो उसे परीक्षा के लिए द्वितीय अवसर प्रदान किया जाएगा.
ऐसे विषय जिनमें विद्यार्थी द्वारा पूर्व परीक्षा में न्यूनतम निर्धारित अंक प्राप्त नहीं किए गए थे, उन्हें उन विषयों में पुनः परीक्षा देनी होगी. द्वितीय अवसर उन विद्यार्थियों को भी दिया जाएगा जो रिवीजन टेस्ट एवं अर्द्ध वार्षिक परीक्षा दोनों में से किसी भी परीक्षा में सम्मिलित नहीं हुए थे लेकिन उन्होंने सत्र 2020-21 में शासकीय विद्यालय में प्रवेश लिया था.
bhavtarini.com@gmail.com 