अब गहराई रात में ठंड, आसमान साफ होते ही तेजी से गिरेगा पारा
ग्वालियर
पश्चिमी विक्षोभ के असर में आए ग्वालियर में दिन के बाद अब रात की ठंड गहरा गई है। बादलों का घेरा कमजोर होते ही न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 7.7 डिग्री पर आ गया। सुबह के समय धुंध छाए रहने से दृष्यता क्षमता 1500 मीटर के दायरे में रही।
स्थानीय मौसम कार्यालय में दर्ज आंकड़ों व मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को वर्षा हुई थी। उसी के असर से वातावरण में सुबह के समय आर्द्रता प्रतिशत सामान्य से 26 अंक अधिक 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। यही कारण रहा कि लोगों को दिन भर गलन वाली ठंड का अहसास होता रहा। दिन में ऐसे अहसास होता रहा मानों कपड़े पानी में भीगे हुए हों।
सुबह के समय रही धुंध
गत दिवस हुई वर्षा के असर से वातावरण में बढ़ी आर्द्रता के कारण सुबह के समय धुंध छाई रही। सुबह 7.30 बजे तक दृष्यता क्षमता 1000 मीटर तो सुबह 8.30 बजे भी यह 1500 मीटर के दायरे में रही।
दिन में चलीं हवाएं
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक पहले उत्तर फिर उत्तर-पश्चिम दिशा से सर्द हवाएं चलीं। इन हवाओं ने सिहरन भरी ठंड में और अधिक इजाफा कर दिया।
और गिरेगा न्यूनतम पारा
बादलों की मौजूदगी के कारण बुधवार को पारे में गिरावट की दर धीमी हो गई थी। न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस पर अटक कर रह गया था। गुरुवार को यह धुंध के बावजूद 1.5 डिग्री नीचे 7.7 डिग्री पर आ गया। यह दर्ज न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिसे अधिक, लेकिन गत दिवस की तुलना में 1.5 डिग्री कम है।
विज्ञानियों के अनुसार यह आने वाले दिनों में और तेजी के साथ गिरेगा। दिन में अधिकतम तापमान गत दिवस की तुलना में 4.5 डिग्री अधिक, लेकिन सामान्य से 3.0 डिसे कम 21.9 डिसे दर्ज किया गया।
bhavtarini.com@gmail.com 
