बेटियों को सशक्त करने के लिए शाजापुर में हुआ शक्ति अभियान का शुभारंभ

बेटियों को सशक्त करने के लिए शाजापुर में हुआ शक्ति अभियान का शुभारंभ

मुसीबत की घड़ी में बचने के लिए दिया सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण

amjad khan शाजापुर। संस्था यूनिवर्सल मार्शल आर्ट अकादमी एवं जुजित्सु एसोसिएशन मध्य प्रदेश द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए रविवार को शाजापुर में धोबी चौराहा स्थित मार्शल अकादमी पर शक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर अतिथि के रूप में जिला खेल अधिकारी बीसी कटारिया, बाबूलाल गोयल, आनंद नागर, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार अजीत पाराशर मंचासीन थे। कार्यक्रम में यूनिवर्सल मार्शल आर्ट अकादमी की टीम संस्था संचालक विजेंद्र खरसोदिया के नेतृत्व में रोहिणी कलम, रश्मि कलम, सुयेश खरे, रेणुका कलम, वैदेही शर्मा, पूर्णिमा पंवार, ऋषभ त्रिवेदी आदि प्रशिक्षकों ने शहर की बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। इस मौके पर लड़कियों को गुड टच, बैड टच, देखने का नजरिया, शरीर के कमजोर अंगों की जानकारी, दुपट्टा, पेंसिल, मोबाइल, कॉपी, बेग को कैसे हथियार बनाकर उपयोग किया जा सकता है एवं सिक्स सेंस की अनेक विधाओं के बारे में जानकारी दी गई। खरसोदिया ने बताया कि शक्ति अभियान को संस्था द्वारा स्टेप बाय स्टेप संपूर्ण मध्यप्रदेश एवं संपूर्ण भारत में प्रचलित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विनय चौधरी, धर्मेंद्र नागर की सराहनीय भूमिका रही। वहीं अंत में संस्था की पदक विजेता राष्ट्रीय खिलाड़ी शाजापुर की अवनी गुप्ता का भी सम्मान किया गया।