लॉकडाउन से हवा हुई इतनी साफ, जालंधर से दिखीं हिमालय की वादियां

लॉकडाउन से हवा हुई इतनी साफ, जालंधर से दिखीं हिमालय की वादियां
धौलाधार, देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है, जिसे गुरुवार को एक हफ्ता हो गया। इन दिनों लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। गाड़ियां, स्कूटर और मोटरसइकिल जैसे वाहन भी सड़कों से दूर हैं। बीते दिनों बरसात भी हुई। मौसम बदल गया है। इतना की बुजुर्गों को अपना वक्त याद आ गया, जब वातावरण प्रदूषण से आजाद हुआ करता था। वैसे भी अप्रैल शुरू हो चुका है लेकिन गर्मियां… कहां हैं? खैर, यह सब सोचने वाली बात है कि आखिर मौसम इतना खुशगवार कैसे हुआ। यकीनन देशव्यापी लॉकडाउन का इसमें अहम योगदान है। देशभर से लोग सोशल मीडिया पर अपने शहर के साफ आसमान की तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। अब कुछ तस्वीरें जालंधर से आई हैं, जहां से हिमालय पर्वत की धौलाधार रेंज (हिमाचल प्रदेश में) के बर्फीले पहाड़ दिखने लगे हैं। हवा से धूल-मिट्टी, धुएं के गुबार के साथ प्रदूषण छू हो चुका है! साफ बात है कि लॉकडाउन का पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। जानकारी के लिए बता दें कि हिमाचल प्रदेश में धौलाधार पर्वत श्रृंखला कांगड़ा और मंडी जिले के बीच फैली हुई है, जिसे ‘सफेद पर्वत’ के नाम से भी जाना जाता है। और हां, यह रेंज जालंधर से तकरीबन 200 किमी की दूर हैं।