CM से मिलेंगे रियल एस्टेट कारोबारी, जिला मूल्यांकन समिति ने शहर की 2800 लोकेशन पर दाम बढ़ाने का लिया निर्णय

CM से मिलेंगे रियल एस्टेट कारोबारी, जिला मूल्यांकन समिति ने शहर की 2800 लोकेशन पर दाम बढ़ाने का लिया निर्णय

भोपाल
कोरोना संक्रमण की वजह से पूरे साल रियल एस्टेट सेक्टर बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके बाद भी शहर में तीन साल बाद एक बार फिर राजधानी की जमीनों के दाम बढ़ाने को लेकर जिला मूल्यांकन समिति ने प्रस्ताव पास किया है। इस संबंध में अब दावे-आपत्ति बुलाए गए हैं, जिसके बाद यह प्रस्ताव फाइनल करके केंद्रीय मूल्यांकन समिति को सौंप दिया जाएगा।

वहीं, शहर में एक बार फिर 10 से 20 फीसदी तक जमीनों के दाम बढ़ने के विरोध में रियल एस्टेट कारोबारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेंगे। कारोबारियों का विरोध हैं कि कोरोना महामारी के कारण पूरा रियल एस्टेट कारोबार सुन्न पड़ा है। ऐसे में जमीनों के दाम बढ़ाने का सीधा असर प्लॉट, मकान, फ्लैट और जमीन खरीदने पर पड़ेगा। जिससे दस लाख रुपए की प्रॉपर्टी खरीदने पर अभी शहरी क्षेत्र में करीब सवा लाख रुपए रजिस्ट्री कराने में खर्च करना पड़ते हैं, जो बढ़कर डेढ़ लाख रुपए हो जाएगा। ऐसे में इस प्रस्ताव को निरस्त कराया जाए।

जिला मूल्यांकन समिति के निर्णय के बाद पंजीयन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी प्रस्तावित की है, जिसके तहत जिले की 3910 लोकेशन हैं, जिसमें शहरी क्षेत्र की 3181 और ग्रामीण क्षेत्र की 729 लोकेशन शामिल हैं। इनमें से 2800 लोकेशन पर दस से बीस फीसदी रेट बढ़ाए जा रहे हैं। इसके कारण शहर में एक बार फिर जमीनों के रेट बढ़ जाएंगे और शहरवासियों को अधिक रुपए खर्च करने पड़ेंगे।