कैग रिपोर्ट का खुलासा: 2024-25 में 81 फीसदी ज्वेलर्स की नहीं हुई सालाना जांच, हॉलमार्क वाले सोने की शुद्धता पर सवाल

कैग रिपोर्ट का खुलासा: 2024-25 में 81 फीसदी ज्वेलर्स की नहीं हुई सालाना जांच, हॉलमार्क वाले सोने की शुद्धता पर सवाल

नई दिल्ली। हॉलमार्क लगे सोने को शुद्धता की गारंटी मानकर खरीदने वाले ग्राहकों के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है। देश की सर्वोच्च सरकारी ऑडिट संस्था नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की ड्राफ्ट रिपोर्ट में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बीआईएस निर्धारित नियमों के बावजूद बड़ी संख्या में पंजीकृत ज्वेलर्स की दुकानों का सालाना निरीक्षण नहीं कर पाया। इससे बाजार में बिकने वाले हॉलमार्क वाले सोने की गुणवत्ता की निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

नियमों के अनुसार, बीआईएस को प्रत्येक पंजीकृत ज्वेलर की दुकान का साल में कम से कम एक बार निरीक्षण करना चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्राहकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सोना और आभूषण बेचे जा रहे हैं। लेकिन कैग की रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 28,865 लाइसेंसधारक ज्वेलर्स में से केवल 5,444 दुकानों की ही जांच की गई। इस तरह करीब 81 फीसदी ज्वेलर्स का सालाना निरीक्षण नहीं हो सका।

लाइसेंस जारी करने के बाद निगरानी में कमी

देश के 392 जिलों में हॉलमार्किंग से जुड़े नियम लागू होने के कारण बड़ी संख्या में ज्वेलर्स ने बीआईएस में पंजीकरण कराया है। देशभर में लगभग 2.3 लाख ज्वेलरी दुकानों का पंजीकरण बताया गया है। इसके बावजूद निरीक्षण की धीमी प्रक्रिया ने बीआईएस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। कैग का मानना है कि केवल लाइसेंस जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बाजार में बिकने वाले सोने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी भी जरूरी है।

हॉलमार्किंग केंद्रों की निगरानी में भी कमी

कैग ने अपनी रिपोर्ट में असाइंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर (एएचसी) की निगरानी को लेकर भी चिंता जताई है। इन केंद्रों पर सोने के आभूषणों की शुद्धता की जांच की जाती है और निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले आभूषणों को छह अंकों का हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (एचयूआईडी) दिया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन केंद्रों की निगरानी में भी बीआईएस निर्धारित लक्ष्य से करीब 44 फीसदी पीछे रहा।

कर्मचारियों की कमी का दिया हवाला

निरीक्षण में कमी को लेकर सवाल उठाए जाने पर बीआईएस ने कर्मचारियों की कमी और दूरदराज के क्षेत्रों से नमूने एकत्र करने में आने वाली कठिनाइयों का हवाला दिया। हालांकि, कैग ने इन कारणों को पर्याप्त नहीं माना और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत बताई है।

फिलहाल यह कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से अंतिम प्रतिक्रिया प्राप्त होने के बाद इसे संसद में पेश किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट सामने आने के बाद सोने की हॉलमार्किंग व्यवस्था और ग्राहकों के हितों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।

ग्राहकों के लिए जरूरी बात: हॉलमार्क और एचयूआईडी सोने की पहचान एवं शुद्धता संबंधी महत्वपूर्ण प्रमाण हैं। खरीदारी करते समय बीआईएस केयर ऐप से एचयूआईडी की प्रामाणिकता जरूर जांचें और पक्का बिल लें।