केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 में शिरकत कर खिलाडियों का उत्साहवर्धन किया
 
                                केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री यादव
50 हजार से अधिक खिलाडी ले रहे हैं उत्साह के साथ भाग
जयपुर। केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं राज्य के वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरूवार को अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 के तहत अलवर शहर विधानसभा के लिए आरआर कॉलेज खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर गुब्बारा उडाकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात केंद्रीय वन मंत्री यादव ने रामगढ विधानसभा के लिए रामगढ में आरबीएस स्कूल खेल मैदान एवं अलवर ग्रामीण विधानसभा के लिए चिकानी स्थित एलआईटी कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित खेल प्रतियोगिता शुभारम्भ कार्यक्रमों में शिरकत कर खिलाडियों का उत्साहवर्धन किया।
भूपेन्द्र यादव ने कहा कि जीवन में अच्छे स्वास्थ्य एवं मानसिक मजबूती के लिए खेलों की बड़ी भूमिका है। खेल हमारी नकारात्मकता को दूर कर सकारात्मकता की ओर अग्रसर करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के भविष्य को गढने के लिए कृतसंकल्पित हैं। अलवर सांसद खेल उत्सव इस दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि अलवर खेल प्रतिभाओं की भूमि रही है तथा यहां के खिलाडियों ने देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाकर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि अलवर सांसद खेल उत्सव सभी खिलाडियों को खेल में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करवा रहा है। प्रधानमंत्रीजी की प्रेरणा से अलवर का हर बच्चा और युवा 'फिट इंडिया' और 'खेलो इंडिया' के मूलमंत्र के साथ अपनी प्रतिभाओं को निखार रहा है।
उन्होंने कहा कि अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 के तहत विधानसभा स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में 50 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। सांसद खेल उत्सव के तहत खेल मैदानों में भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के प्रशिक्षक उत्कृष्ट खिलाडियों का चयन कर रहे हैं जिन्हें बड़े मंचों के लिए तराशा जाएगा। अलवर में 8 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय टाइगर मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन लिटरेचल फेस्टिवल एवं एक्जुकेशन फेयर का आयोजन किया जाएगा, जिससे अलवर के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वदेशी व आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए हम सभी को बढ़चढ़कर अपना योगदान करने की आवश्यकता है। उन्होंने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कल्याण चौबे का अलवर सांसद खेल उत्सव में शिरकत करने पर आभार जताया।
संजय शर्मा ने अलवर सांसद खेल उत्सव प्रारम्भ करने के लिए केंद्रीय वन मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इसके माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतरीन प्लेटफॉर्म उपलब्ध हुआ, जिससे युवा अपनी खेल प्रतिभा को निखाकर अपने सपनों को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल उत्सव 1.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों को समर कैम्प के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण दिलवाकर उनकी प्रतिभा को उभारने का सराहनीय कार्य किया गया। यादव खेल एवं शिक्षा के प्रति समर्पित हैं। उनके द्वारा शिक्षा को बढावा देने के लिए ई-लाइब्रेरी मुहिम शुरू की गई , वहीं खेलों के लिए सांसद खेल उत्सव जैसी अभिनव पहल प्रारम्भ की गई। हॉकी खिलाडियों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए यादव के प्रयासों से अलवर में एसएआई के हॉकी सेंटर को यथावत रखवाया गया। हॉकी के लिए 10 करोड रूपये की लागत से एस्ट्रो टर्फ मैदान का निर्माण एवं इंदिरा गांधी स्टेडियम में साढ़े सात करोड रूपये की लागत से सिंथेटिक ट्रेक निर्माण किया जाएगा।
कल्याण चौबे ने कहा कि प्रतिभा अवसर के अनुरूप पैदा होती है। जहां खेल संस्कृति है, वहां की प्रतिभाएं आगे तक जाती है। भूपेन्द्र यादव के द्वारा अलवर में अलवर सांसद खेल उत्सव के माध्यम से कई खेलों में प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। साथ ही, अलवर में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर व सुविधाओं में इजाफा कर रहे हैं। उसका लाभ यहां के युवाओं को मिलेगा तथा यहां खेल कल्चर विकसित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष 2030 में भारत में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम में इस प्रतियोगिता से निकली हुई प्रतिभा भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
खिलाडियों का किया उत्साहवर्धन एवं राजीविका स्टॉलों का किया अवलोकन
इस दौरान अतिथिगणों ने खेल मैदान में आयोजित खो-खो, कुश्ती, एथलेटिक्स, रस्साकशी, वॉलीबॉल, कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ कर खिलाडियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं रामगढ के आरबीएस स्कूल मैदान में राजीविका द्वारा प्रदर्शित हस्तनिर्मित उत्पादों की स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन से इन उत्पादों को बढावा देने का आह्वान किया। उन्होंने राजीविका की महिलाओं से बातचीत कर उनसे उत्पादों की विशेषताओं के बारे में जानकारी ली तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उद्योग की ओर बढ़ाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखपति दीदी विजन को पूरा करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है, जिससे महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर रामगढ विधायक सुखवन्त सिंह, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पूर्व विधायक राजेन्द्र गण्डूरा,पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर अशोक गुप्ता, महासिंह चौधरी, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान सहित अन्य प्रबुद्ध व्यक्ति, खिलाडी एवं बडी संख्या में युवा व आमजन मौजूद रहे।
 
                         bhavtarini.com@gmail.com
                                    bhavtarini.com@gmail.com                                 
            
             
            
             
            
             
            
             
            
             
            
            

 
            
             
            
             
            
                                        
                                     
            
             
            
             
            
            