विदेश यात्रा से एक दिन पूर्व सीएम ने धर्म दर्शन किया

brijesh parmar
उज्जैन । प्रदेश के मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने अपनी विदेश यात्रा से एक दिन पूर्व गृह नगर उज्जैन में शनिवार तडके सपत्निक भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्मार्ती का दर्शन किया है। इसके बाद उन्होंने सुबह नर्सिंह घाट पर स्नान किया और भगवान का पूजन अर्चन किया। बाद में पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। नलवा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर लाडली बहनों के खातों में राशि अंतरित की और अपरांह में निषाद राज सम्मेलन में शामिल होकर करोडों की राशि का वितरण किया है।
श्रावण के दुसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सपत्नीक श्रावण के पवित्र माह के दूसरे दिन भगवान श्री महाकाल के तड़के सुबह दर्शन किए। दर्शन उपरांत मुख्यमंत्री डॉ यादव और श्रीमती सीमा यादव भगवान श्री महाकाल की भस्मारती में सम्मिलित हुए। भस्मारती पश्चात मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सपत्नीक भगवान श्री महाकाल का पूजन किया। पूजन पुजारी श्री आकाश गुरु द्वारा संपन्न करवाया गया।
मुख्यमंत्री ने श्री महाकाल मंदिर परिसर में भ्रमण कर भस्मारती में सम्मिलित हुए श्रद्धालुओं से उनके मंदिर में दर्शन अनुभव की जानकारी ली और उनकी कुशल क्षेम जानी। दर्शन कर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की बाबा श्री महाकाल की कृपा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश देश के साथ कदम से कदम मिलाकर प्रगति कर समृद्धि की और अग्रसर है। 11 जुलाई को इंदौर में आयोजित इन्वेस्टर समिट में प्राप्त निवेश से प्रदेश के युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। युवाओं को स्कूल एवं कॉलेज में विश्वस्तरीय रोजगारमूलक पाठ्यक्रम की शिक्षा दी जा रही है । युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए 3 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए जा रहे है। प्रमोशन के माध्यम से प्रदेश के 5 लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को फायदा होगा। सरकार सर्वजन हिताय के ध्येय को आत्मसात कर कार्य कर रही है। लाडली बहनों और सभी वर्ग से किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही प्रदेश में शासकीय नौकरियों में बहनों को 35% आरक्षण दिया गया है। श्री महाकाल की कृपा से विभिन्न योजनाओं अंतर्गत 5000 रुपए राशि का इनसेंटिव इंडस्ट्री में लेबर को देने का संकल्प भी पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भगवान श्री महाकालेश्वर का आशीर्वाद लेकर लाडली बहनों से सप्रेम भेंट कर उनको श्रावण मास और राखी के पर्व की अग्रिम मंगलकामनाएं दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उज्जैन शिप्रा तट स्थित नरसिंह घाट पर स्नान कर यहां लक्ष्मी नरसिंह मंदिर में पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने राज्य स्तरीय निषादराज सम्मेलन में मछुआ कल्याण के लिए 154 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें 22 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से 453 स्मार्ट फिश पार्लर का भूमि-पूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में 40 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक एक्वा पार्क (मछलीघर) का निर्माण किया जा रहा है। सरकार मस्त्य पालन के लिए मछुआरों को अनुदान देगी। राज्य सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाया है, जिसका लाभ मछुआरों को भी मिल रहा है। सरकार के प्रयासों द्वारा आज प्रदेश में 55 लाख हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई हो रही है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) लिंक परियोजना से सिंचाई का रकबा 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचेगा। कई तालाब भी बनाए जाएंगे। मछलियां कई लोगों के लिए आजीविका का साधन हैं। इंदिरा सागर सहित अन्य जलाशयों में 3 लाख से अधिक केज स्थापित किए जाएंगे।
मछुआरों को आईस बॉक्स लगी 430 मोटरसाइकिलें बांटी गई। मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा 430 मोटरसाइकिल विद आइस बॉक्स के स्वीकृति पत्र और 100 यूनिट्स का वितरण किया । प्रदेश में वर्तमान में 4.4 लाख हेक्टेयर में मछली पालन कार्य हो रहा है, वर्ष 2024-25 में प्रदेश का मछली उत्पादन 3.81 लाख मैट्रिक टन रहा। प्रदेश में लगभग 2 लाख से अधिक मत्स्य पालक पंजीकृत हैं। महिलाएं भी इस व्यवसाय में अग्रणी हैं। उन्होंने कहा कि 217 करोड़ लागत से मछली बीज उत्पादन के लिए आधुनिक हैचरी का निर्माण किया जाएगा। इससे बीज के लिए बंगाल पर निर्भरता खत्म होगी। हमारी सरकार दूध उत्पादन और मस्त्य उत्पादन में प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। बदलते समय में मछली पालन क्षेत्र में आधुनिक मशीनों का उपयोग और स्टार्टअप शुरू हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होने कहा की रक्षाबंधन का समय नजदिक आ रहा है, इस अवसर पर लाड़ली बहनों को राशि ट्रांसफर की जाएगी । प्रदेश की 1.27 करोड़ बहनों को 1500 रुपए की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित जन को नशा मुक्ति एवं फिजूलखर्ची से बचने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में स्वयं को बदलने की जरूरत है।
मछुआ कल्याण एवं मत्स्य पालन मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार मत्स्य पालकों के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद पिछड़े मछुआ समुदाय को मुख्य धारा में लाने की पहल शुरू की गई है। मछुआरों को व्यापार संचालन के लिए मछुआ क्रेडिट कार्ड बांटे जा रहे हैं। वर्ष 2028 तक मछुआ कल्याण विभाग प्रदेश में कई उपलब्धियां अर्जित करेगा।
उज्जैन के नलवा में आयोजित लाडली बहनों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्व-सहायता समूह की बहनों द्वारा बनाए गए उत्पादों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में बहनों को झूला झुलाया।सम्मेलन में बहनों के खाते में 1543 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। गैस सिलेंडर रिफिलिंग योजना की 46.34 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक से हितग्राही हितग्राही बहनों के खातों में अंतरित की। सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 340 करोड़ से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरित की।