महिलाओं को बजट में खास तोहफा देने की तैयार में भगवंत मान सरकार
चंडीगढ़, पंजाब विधानसभा में 2026-27 के बजट सत्र के पहले दिन के बाद सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण रणनीति बैठक की इस बैठक में विधायकों को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा पेश किए जाने वाले 2026-27 के बजट के सजीव प्रसारण के लिए पार्टी कार्यालयों, व्यस्त बाजारों और गांवों में बड़ी स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए गए।
पार्टी मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया और वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई इस बैठक में विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वो महिला पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से शामिल करें और पार्टी कार्यालयों, व्यस्त बाजारों तथा गांवों में बड़े स्क्रीन लगाकर बजट घोषणा की लाइव स्ट्रीमिंग सुनिश्चित करें।
पूरा होगा सबसे बड़ा चुनाव वादा
सरकार का कहना है कि ये कदम इसलिए उठाया गया है, क्योंकि पंजाब सरकार अपने 2022 चुनाव पूर्व के प्रमुख वादे को पूरा करने जा रही है- राज्य की हर महिला को प्रतिमाह ₹1,000 की आर्थिक सहायता. वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा रविवार (8 मार्च) को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पंजाब विधानसभा में बजट पेश करेंगे, जिसे 'महिला दिवस उपहार' के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, AAP ने 2022 विधानसभा चुनाव में हर 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिला को ₹1,000 मासिक देने का वादा किया था। ये वादा अब तक पूरा नहीं हुआ था, लेकिन अब अंतिम पूर्ण बजट (2027 चुनाव से पहले) में इसे लागू करने की तैयारी है। सरकार का मानना है कि ये योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को।
पार्टी नेताओं का मानना है कि इस कदम से राज्य की करोड़ों महिलाओं को आर्थिक लाभ मिलेगा। यही कारण है कि बजट की घोषणा को एक उत्सव की तरह मनाने और जनता को सीधे जोड़ने की तैयारी की गई है।
bhavtarini.com@gmail.com
