11 से 14 अप्रैल तक टीकाकरण महोत्सव, सिर्फ 50 फीसदी ने लगवाया वैक्सीन
भोपाल
मध्य प्रदेश में कोरोना वैक्सिनेशन का टारगेट सरकार पूरा नहीं कर पा रही है. 4 दिन चले टीका करण महोत्सव में सरकार ने पूरी ताकत लगा दी, उसके बावजूद सिर्फ 50 फीसदी लोगों ने ही वैक्सीन लगवाया.
भोपाल समेत पूरे प्रदेश में भी 11 अप्रैल से टीकाकरण महोत्सव शुरू हुआ था. यह महोत्सव 14 अप्रैल को खत्म हो गया. 4 दिन तक चले इस महोत्सव में सरकार ने राजधानी भोपाल में टीकाकरण के लिए एक लाख 60 हजार का टारगेट रखा था. लेकिन इन 4 दिन में तमाम प्रयास और अभियान के बावजूद भी 68 हजार 748 लोगों को ही टीका लग पाया. टीकाकरण महोत्सव मनाने का उद्देश्य था कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीकाकरण कर सके.
भोपाल शहर के लिए तय किए गए टारगेट को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 300 अलग-अलग केंद्र बनाए थे. स्वास्थ विभाग ने अपने कर्मचारियों के अलावा दूसरे विभाग के कर्मचारियों को टीकाकरण में झोंक दिया था. इसके बावजूद वैक्सिनेशन का टारगेट पूरा नहीं हो सका.
नगर निगम कमिश्नर के वी एस चौधरी ने टीकाकरण टारगेट पूरा नहीं करने वाले 9 अधिकारी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. चौधरी ने सभी से तीन दिन में अपना स्पष्टीकरण मांगा है. निगम कमिश्नर ने जोन नंबर 1, 2, 3, 4 के अलावा 8, 9, 11, 12 और 17 के जोनल अधिकारियों को इस मामले में यह नोटिस जारी किया है.
bhavtarini.com@gmail.com 