सीएम कल लेंगे फैसला, कोरोना को काबू करने कुछ जिलों में लग सकता है नाइट कर्फ्यू
भोपाल
प्रदेश में कोरोना के यूके स्ट्रेन के मामले सामने आने के बाद हालात काबू करने राज्य सरकार इंदौर और भोपाल में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला कर सकती है। यहां मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर इस पर फैसला हो सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल कोरोना की समीक्षा के बाद इस पर अंतिम निर्णय लेंगे।
इंदौर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और पिछले दिनों हुई समीक्षा में यूके स्टेÑन के 6 केस मिलने के बाद वहां प्रशासन ने सख्ती भी शुरू कर दी गई है। कई राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए पूर्व में दी गई अनुमतियां निरस्त कर दी हैं। कल होने वाली बैठक में गृह व स्वास्थ्य विभाग के मंत्रियों, अफसरों की मौजूदगी में सीएम चौहान कोरोना बढ़ने और रोकथाम के प्रयासों की समीक्षा करने वाले हैं। इंदौर में कल कोरोना के 173 और भोपाल में 104 नए केस सामने आए हैं। इन दोनों ही जिलों में एक्टिव केस की संख्या 1378 और 610 है। इसके अलावा सौ से अधिक एक्टिव केस वाले जिलों में जबलपुर में 141, उज्जैन में 122, बैतूल में 120, छिंदवाड़ा में 111 मामले हैं।
प्रदेश में कुल एक्टिव केस संख्या 3527 है। इसे देखते हुए सरकार सख्ती के लिए नाइट कफ्यू लगा सकती है जिसके संकेत पिछले दिनों हुई बैठक में दिए गए थे।
महाराष्ट्र से सटे जिलों पर खास फोकस: महाराष्ट्र में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 50 हजार पार कर चुकी है। इसे देखते हुए सीएम चौहान ने एक हफ्ते पहले ही यह कहा था कि वहां से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग सीमावर्ती जिलों के कलेक्टर कराएं। महाराष्ट्र के हालातों को देखते हुए सीमावर्ती जिलों पर कल होने वाली बैठक में खासतौर पर चर्चा होगी।
bhavtarini.com@gmail.com 