पहले देश-फिर दोस्ती: केंद्र ने रोका वैक्सीन निर्यात, भाजपा का घर-घर प्रेरणा अभियान

पहले देश-फिर दोस्ती: केंद्र ने रोका वैक्सीन निर्यात, भाजपा का घर-घर प्रेरणा अभियान

भोपाल
बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए टीकाकरण में तेजी लाई जा रही है। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार ने वैक्सीन का निर्यात रोक दिया है। वहीं मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार का एक साल पूरा होने पर बीजेपी वर्कर घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

भाजपा आज प्रदेश के हर जिले में मतदान केंद्र स्तर पर वैक्सीनेशन के लिए जागरुकता कार्यक्रम चला रही है। हर मतदान केंद्र के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भाजपा नेता और कार्यकर्ता कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए जागरुक कर रहे हैं ताकि सरकार के तीन माह में वैक्सीनेशन कराने के टारगेट को अचीव करने में आसानी हो। पिछले एक माह से चल रहे वैक्सीनेशन के बाद यह बात साफ हो गई है क्योंकि प्रदेश में लाखों लोगों ने कोरोना वैक्सीन के पहले और दूसरे डोज को लगवा लिया है।  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा इसके लिए पहले ही हेल्पडेस्क बनाकर वैक्सीनेशन वाले अस्पतालों में लोगों को जागरुक करने का काम कर चुके हैं।

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह और अन्य अधिकारियों की बैठक बुलाकर इस पर निर्णय लिया है। इसके बाद कलेक्टर ने राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा है। सरकार की मंजूरी मिली तो होली पर सोमवार को इंदौर में लाक डाउन लागू किया जा सकता है। ऐसा हुआ तो शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक लगने वाला 32 घंटे का लाकडाउन 56 घंटे का हो सकता है।

भारत आगामी कुछ महीनों तक कोविड-19 टीकों के निर्यात को विस्तार नहीं देगा, क्योंकि कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के मद्देनजर उसका ध्यान घरेलू मांग को पूरा करने पर केंद्रित हो गया है। सूत्रों के मुताबिक दो-तीन महीनों बाद हालात की समीक्षा की जाएगी। भारत ने विदेशों में टीके की आपूर्ति करना 20 जनवरी से शुरू किया था। भारत अब तक करीब 80 देशों में टीके की छह करोड़ चार लाख खुराक भिजवा चुका है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार शाम सात बजे तक की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर बताया कि कुल 5,21,97,380 खुराक लगाई जा चुकी हैं।

मप्र में बीते 24 घंटों में 1885 नए मरीज मिले हैं। इससे पहले 3 अक्टूबर को 1800 से ज्यादा मरीज मिले थे। इसमें इंदौर में 584, भोपाल में 398, जबलपुर में 109, ग्वालियर में 61, सागर में 59, उज्जैन में 58 नए मरीज मिले हैं। वहीं देश भर में पिछले 24 घंटे में देश में 53,476 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

कोरोना वायरस टीके की दूसरी डोज लेने के लिए अब कोविन ऐप खुद ही अपॉइंटमेंट नहीं करेगा। जो भी दूसरा टीका लगवाना चाहते हैं उन्हें खुद ही दोनों खुराक बीच तय अंतर के अनुसार टाइम शेड्यूल करना होगा और टीका लगवाने जाना होगा। एम्पावर्ड ग्रुप आॅन वैक्सीन एडमिनिस्ट्रेशन के चेयरमैन आरएस शर्मा ने कहा है कि दूसरी खुराक के लिए अब कोविन खुद टाइम शेड्यूल नहीं करेगा। आपको खुद कही तय अंतराल के अनुसार टाइम शेड्यूल करना होगा।