अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज झूमा सोलंकी बनी एक दिन की सभापति
भोपाल
विधानसभा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज महिला विधायक झूमा सोलंकी सभापति की जिम्मेदारी निर्वहन कर रही हैं। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदन में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वे महिला दिवस पर सभी मातृशक्ति को बधाई देते हैं। वे आज सदन में महिला मार्शलों के साथ पहुंचे थे। इसको लेकर उन्होंने कहा कि पहली बार सदन में दंड लेकर महिला मार्शल पहुंची हैं।
विधानसभा में आज संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने सदन शुरू होने पर कहा कि विश्व में भारत ही ऐसा देश है जहां महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम का आभार माना कि नारी शक्ति को महत्व देने के लिए धार्मिक स्वतंत्रता कानून पर चर्चा के लिए आज का दिन चुना गया।
विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मंत्री मिश्रा शब्दों के जादूगर हैं। उन्होंने मां पर कहानी भी सुनाई और कहा कि सीएम आज घोषणा करें कि जैसे चुनाव लड़ने के लिए 50 फीसदी आरक्षण दिया है, वैसे ही सरकारी नौकरी के लिए भी 50 फीसदी आरक्षण महिलाओं को देंगे।
इस दौरान कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने रसोई गैस महंगी होने का मामला सदन में उठाया और कहा कि रसोई गैस की कीमत दस प्रतिशत कम की जाए। महिलाओं की रसोई महंगी होती जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला कांग्रेस के प्रदर्शन में बल प्रयोग न किया जाए। मंत्री इसके लिए आश्वस्त करें। इस पर मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आपत्ति करते हुए कहा कि आज सिर्फ महिला पूजन की बात होनी चाहिए लेकिन कांग्रेस आज विधानसभा का घेराव महिलाओं से करा रही है। मिश्रा ने कहा कि जिस पार्टी की अध्यक्ष पाश्चात्य संस्कृति वाली महिला होंगी, वे महिला दिवस पर महिला पूजन की बात नहीं करेंगे।
विधायक गोविन्द सिंह ने इस दौरान कहा कि आज महिलाओं को ही सवाल पूछने का मौका दिया जाना चाहिए। जिस तरह से नए विधायकों के लिए एक दिन तय किया गया है, उसी तरह महिलाओं के लिए आज का दिन तय किया जाए। हालांकि उनकी मांग सभापति ने स्वीकार नहीं की।
bhavtarini.com@gmail.com 