वन मंत्री ने दिए निर्देश, दौरे के साथ वनांचल में नाइट हाल्ट करेंगे वन अफसर
भोपाल
प्रदेश में वन अधिकारियों को अब वन अंचल का सघन दौरा करने के साथ ही वहां रात्रि विश्राम भी करना होगा। वन मंत्री विजय शाह ने इसके निर्देश वन अधिकारियों को देते हुए कहा है कि ग्रामीण क्षेत्र में निवास के दौरान वन अधिकारी समस्याओं का निराकरण मौके पर करें। शाह ने कहा कि प्रदेश में विभागीय पौधरोपण की प्रक्रिया में स्थानीय प्रजातियों के साथ लघु वनोपज से जुड़ी वृक्ष प्रजातियों को प्राथमिकता से रोपित कराया जाएगा। स्थानीय स्तर पर भागीदारी से बिगड़े वनों का सुधार कार्यक्रम में आगामी 3 वर्ष में 5 हजार ग्राम वन समितियों को लाभान्वित कराया जाएगा। इससे वनों का संरक्षण और ग्रामीणों की आजीविका को सुदृढ़ किया जा सकेगा। वनों के सुधार और जंगलों के बचाव के लिए 317 ग्राम वन समितियों की सूक्ष्म प्रबंध योजना तैयार कर विदोहन प्रारंभ कर दिया गया है।
वन मंत्री शाह ने कहा है कि लघु वनोपज संघ द्वारा 8290 हेक्टेयर क्षेत्र में लघु वनोपज प्रजातियों के रोपण की योजना मंजूर की गई है। विभागीय वृक्षारोपण में लघु वनोपन प्रजातियों के रोपण का दायरा 5 से बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक कराए जाने का निर्णय भी लिया गया है। शाह ने बताया कि वन प्रबंधन के तहत वर्ष 2021-22 में 7 लाख 68 हजार लोगों को 100 दिवस का रोजगार दिया जाएगा। इसके लिए यथाशीघ्र मास्टर प्लान तैयार कराया जाएगा।
वन अंचल में अफसरों का नाइट हाल्ट इसलिए भी जरूरी माना जा रहा है क्योंकि पिछले दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने वन विभाग की कार्यशाला में कहा था कि वन क्षेत्र में रह रहे लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहना जरूरी है। सभी पात्र व्यक्तियों को बिना किसी परेशानी के वनाधिकार अधिनियम के तहत पट्टे प्राप्त हों। पर्यावरण को बचाने की जितनी जिम्मेदारी वनवासियों की है, उतनी ही अन्य लोगों की भी है। वनवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
bhavtarini.com@gmail.com 