पुलिसकर्मियों से लेकर अफसरों और होमगार्ड को सरकार करेगी सम्मानित
भोपाल
कोरोना काल में दिन रात ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों से लेकर अफसरों को इसी माह कर्मवीर योद्धा पदक से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस महकमें के साथ ही नगर सैनिकों को भी इस पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को राज्य शासन ने आदेश जारी कर दिए थे। आज गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि फरवरी में ही कर्मवीर योद्धा पदक दिया जाएगा।
कोरोना के दौरान सराहनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों- अफसरों और नगर सैनिकों को यह पदक दिया जाना है। आरक्षक से लेकर डीजी स्तर तक के कर्मियों और अफसरों को यह पदक दिया जाना है। इसमें करीब एक लाख को यह पदक मिलना है। पदक का डिजाईन राज्य शासन ने सोमवार को फाइनल कर दिया था। साथ ही पुलिस मुख्यालय और होम गार्ड मुख्यालय के प्रस्ताव पर स्वीकृति देते हुए कर्मवीर योद्धा पदक दिए जाने की स्वीकृति प्रदान की थी। कर्मवीर योद्धा पदक में सात करोड़ रुपए का खर्च आना है। इससे पहले पुलिस मुख्यालय की प्रशासन शाखा ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से कोविड 19 के दौरान सराहनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और अफसरों की जानकारी तलब की थी। यह जानकारी पुलिस मुख्यालय आ चुकी है।
कोरोना काल में ड्यूटी करने वाले पुलिस, होमगार्ड के जवानों और अफसरों को दिए जाने वाले कर्मवारी योद्धा पदक के मामले में राजस्व अफसर राज्य सरकार के फैसले से सहमत नहीं हैं। तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और अन्य राजस्व कर्मचारियों की ओर से सरकार के फैसले का विरोध करते हुए कहा जा रहा है कि क्या वे कोरोना योद्धा नहीं हैं? क्या उन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर कोरोना काल में सेवाएं नहीं दीं? इसके लिए अब राजस्व अधिकारी एकजुट होकर जल्द ही सरकार से विरोध भी जताने की प्लानिंग कर रहे हैं कि सभी कर्मचारियों, अधिकारियों को समान नजरिये से देखकर लाभ और सम्मान दिए जाएं।
bhavtarini.com@gmail.com
