आर्थिक समृद्धि के लिए अब महिलाएं भी तेजी से बढ़ रहीं आगे: भूपेन्द्र सिंह

आर्थिक समृद्धि के लिए अब महिलाएं भी तेजी से बढ़ रहीं आगे: भूपेन्द्र सिंह

परिवार में एक व्यक्ति के कार्य करने की बात हुई पुरानी

ओज और जोश से भरपूर शक्ति गीत से शुरू हुआ स्व सहायता समूह सशक्तिकरण और के्रेडिट लिंकेज का कार्यक्रम

जिले के विभिन्न स्व सहायता समूहों को मिली 6 करोड़ 29 लाख रुपए की राशि

बोझ नहीं वरदान है परिवार का संबल है महिलाएं

anil dubey सागर, गरीब कल्याण पखवाड़े के अंतर्गत रविवार को महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों के लिए क्रेडिट लिंकेज कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में जिले के विभिन्न स्व सहायता समूह की महिलाओं को 6 करोड़ 29 लाख की क्रेडिट राशि वितरित की गई। महिलाओं द्वारा शक्ति गीत के साथ ओज, जोश और उमंग से कार्यक्रम का आगाज किया गया। मंत्री श्री सिंह ठाकुर ने कहा कि वह बात पुरानी हो गई जब परिवार में एक ही व्यक्ति आमतौर पर पुरुष सदस्य कार्य करता था। आज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर कार्य कर रहीं हैं। समृद्ध हो रही हैं। महिला एवं पुरुष दोनों का कार्य करना परिवार, समाज एवं देश को आर्थिक रूप से सशक्त-समृद्ध बनाता है। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तब ही पूर्ण हो सकता है जबकि भारत में स्वदेशी वस्तुओं का निर्माण हो। हम किसी भी वस्तु अथवा आवश्यकता के लिए किसी दूसरे पर निर्भर न हों। इस दिशा में मध्यप्रदेश भी आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा है। जिसमें महिलाओं का योगदान अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सागर में पहले महिलाएं बीड़ी बनाने का कार्य करती थी। परंतु उससे कई बीमारियों का सामना भी करना पड़ता था। आज वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध हैं। स्व सहायता समूह के माध्यम से उनका कार्य करने का दायरा भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बहने तेजी से आगे बढ़ रही है, सम्पूर्ण देश की आर्थिक समृद्धि में योगदान दे रही है। कलेक्टर दीपक सिंह ने बताया कि क्रेडिट लिंकेज कार्यक्रम प्रत्येक विकासखंड स्तर पर भी आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 12,747 समूह हैं। जिनसे 1,46,768 परिवार जुड़े हुए हैं। करीब 13 हजार महिलाएं दुग्ध उत्पादन से जुड़ी है। साथ ही साबुन, मास्क, पीपीई किट, हैंड वॉश, सेनेटाईजर, सेनेटरी नैपकिन, अगरबत्ती, दोना-पत्तल निर्माण इत्यादि गतिविधियां भी स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित की जा रही है। इस अवसर पर नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न स्व सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित थी।