उप्र से अहमदाबाद जा रहे मजदूरों की बस पलटी, 1 की मौत, 34 घायल

उप्र से अहमदाबाद जा रहे मजदूरों की बस पलटी, 1 की मौत, 34 घायल
brijesh parmar उज्जैन। उत्तरप्रदेश के इटावा से गुजरात के अहमदाबाद जा रहे मजदूरों से भरी बस अनियंत्रित हो कर उज्जैन जिले के तराना तहसील अंतर्गत कायथा के पास पलट गई। दुर्घटना में एक मजदुर की बस के नीचे दबने से मौत हो गई एवं 34 घायल हैं। 5 से ज्यादा को गंभीर चोट आई है । हादसे के बाद सभी घायल मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रविवार सुबह कायथा के समीप स्थित लक्ष्मीपुरा मैं तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी खा गई। अचानक हुए हादसे में बस में सवार यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर कायथा पुलिस के साथ ही डायल 100 और 108 एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकाला। और तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार हादसे में लगभग 3 दर्जन लोग घायल हुए हैं। जबकि एक की मौत होना बताया जा रहा है। कायथा पुलिस ने बताया कि बारिश होने के कारण संभवतः चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका जिसके चलते हादसा हो गया। वहीं दूसरी ओर बस में सवार घायल यात्रियों का कहना था कि बस की गति बहुत तेज थी। गौरतलब है कि लॉकडाउन के पहले तक इटावा मैनपुर और आगरा के आसपास रहने वाले मजदूर बड़ी संख्या में गुजरात के अहमदाबाद में काम करते थे। लॉकडाउन के चलते अधिकांश मजदूर अपने गांव पहुंच गए थे। अनलॉक होने के बाद सभी फैक्ट्री और कंपनियां शुरू हो चुकी है। ऐसे में मजदूरों की आवश्यकता पड़ रही है। घायल मजदूरों के अनुसार वह सभी बस में सवार होकर मजदूरी करने के लिए गुजरात जा रहे थे। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के समय अधिकांश मजदूर बस में सो रहे थे। बस की रफ्तार तेज होने और बारिश होने के कारण अचानक बस अनियंत्रित हो गई। चालक बस पर नियंत्रण रख पाता उसके पहले ही वह सड़क किनारे जाकर पलट गई। बस के पलटते ही धमाके के साथ उसमें सवार यात्री एक दूसरे पर जा गिरे। घायल यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कोई कुछ भी समझ नहीं पा रहा था। बारिश के बीच घायल यात्रियों ने खुद को संभाला और बस से बाहर आने का प्रयास किया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे।