भाजपा का तीन दिवसीय महा जनसंपर्क अभियान 25 सितम्बर से
25 सितंबर से 27 सितम्बर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा अभियान
Syed Javed Ali
मण्डला - एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सितंबर को प्रदेश में बूथ स्तर तक मनाई जाएगी। महा जनसंपर्क अभियान की तैयारियों को लेकर जिले के सभी मंडलो में कार्यक्रम का कार्य विभाजन कर प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
दीनदयाल जयंती से तीन दिन चलेगा अभियान -
एकात्मक मानव दर्शन के प्रणेता एवं पार्टी के मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती 25 सितंबर से सभी विधानसभा क्षेत्रों में महा जनसंपर्क अभियान शुरू होगा, जो 27 सितम्बर तक तीन दिन चलेगा। अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के निवास पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। घर के मुख्य द्वार पर स्टीकर लगाए जाएंगे। साथ ही कार्यकर्ता महा जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत घर-घर संपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के पत्रक वितरित करेंगे।
पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि होंगे शामिल -
भाजपा मीडिया प्रभारी सुधीर कसार ने बताया कि महाजनसंपर्क अभियान का शुभारंभ पार्टी के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि करेंगे। इसी प्रकार सांसद, मंत्री गण, विधायक गण, कोर ग्रुप, प्रबंध समिति, विधानसभा में निवासरत राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला, पदाधिकारी गण, मोर्चे के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, सहित समस्त प्रमुख पदाधिकारी निर्धारित बूथों पर महाजनसंपर्क अभियान में घर घर सम्पर्क के कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।