रायल्टी से नहीं टोकन से चल रहा रेत कारोबार: कांग्रेस
भोपाल
नर्मदा नदी से रेत खनन के मामले में गुरुवार को कांग्रेस विधायकों ने सरकार को घेरा। विधायक पांचीलाल मेड़ा ने सरकार पर नर्मदा को छलनी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रायल्टी से नहीं बल्कि टोकन से रेत का कारोबार चल रहा है। नर्मदा को छलनी किया जा रहा है। जेसीबी मशीन लगाकर नर्मदा से रेत निकाली जा रही है। इस पर खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस तरह की कोई शिकायत नहीं है।
राज्य सरकार कांग्रेस शासन में बनाई गई रेत नीति के आधार पर ही खनन की अनुमति दे रही है। विधायक मेड़ा ने प्रश्नोत्तर काल के दौरान कहा कि धार जिले के धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र में नर्मदा नदी से अवैध तरीके से रेत खनन किया जा रहा है। सैकड़ों डंपर रेत जेसीबी से निकाली जा रही है। इसके लिए एक कमेटी बनाकर जांच कराई जाए। इस पर मंत्री सिंह ने कहा कि जो भी रेत निकाली जा रही है वह स्वीकृत खदानों से निकल रही है। विधायक जो आरोप लगा रहे हैं, वैसा कुछ नहीं हो रहा। इस जवाब से असंतुष्ट विधायक विजय लक्ष्मी साधौ ने कहा कि नर्मदा में डंपर काम कर रहे हैं। टोकन से गाड़ियां निकाली जा रही हैं।
रायल्टी नहीं काटी जा रही है। इसकी शिकायत वे कलेक्टर से कर चुकी हैं और कलेक्टर खरगोन ने माना है कि कुछ चल रहा है। साधौ ने खलघाट और महेश्वर के मामले में यह बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि डंपर सिवनी और छिंदवाड़ा एक दिन में आ जा रहे हैं। यह कैसे संभव हो सकता है। इस पर मंत्री ने कहा कि वे इस मामले में कलेक्टर से बात करेंगे। इस दौरान विधायक पीसी शर्मा ने नर्मदा में जेसीबी मशीन से खनन का मामला उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की रेत नीति के आधार पर काम नहीं हो रहा है। मंत्री सिंह ने जवाब दिया कि कमलनाथ सरकार की रेत नीति ही लागू है। मंत्री सारंग ने कहा कि जब पीसी शर्मा होशंगाबाद के प्रभारी थे तो क्या किया था, यह भी बताएं।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और लाखन सिंह के बीच हुई अमर्यादित टीका-टिप्पणियों को आज विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने ना केवल कार्यवाही से विलोपित कराया बल्कि अन्य सभी सदस्यों को भी उन्होंने सचेत किया कि सदन के भीतर ऐसे शब्दों का कोई प्रयोग ना करे कि उन्हें विलोपित कराना पड़े। दरअसल जब सदन के भीतर प्रश्नकाल के दौरान जब लाखन सिंह ने अवैध खनन का मामला उठाया तो लाखन सिंह और गृह मंत्री ने एक-दूसरे को लेकर वायरल वीडियो के हवाले से ऐसी टिप्पणी कर दी जिसमें प्रयोग किए गए शब्दों को विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही से विलोपित करा दिया। अध्यक्ष ने मंत्री और सदस्य के साथ अन्य सदस्यों को भी चेताया कि वे भविष्य में सदन में बोलते समय मर्यादित रहे और ऐसे शब्दों का उपयोग ना करे जिन्हें उन्हें विलोपित कराना पड़े।
विदिशा में चार हजार टन गेहूं पानी में खराब हो जाने का मामला उठाते हुए कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव ने इसके लिए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। जवाब में खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने ले बताया कि सरकार ने यह सारा गेहूं खरीद लिया है। प्रश्नकाल में यह मामला उठाते हुए शशांक भार्गव ने कहा कि इस गेहूं के भीगने के लिए कौन दोषी है और इसकी भरपाई कैसे की जाएगी। इस पर खद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि सरकार ने यह सारा गेहूं खरीद लिया है।
ग्वालियर में स्वीकृत रेत खदान में रेत नहीं है और उसकी आड़ में माफिया द्वारा आसपास के गांवों से रेत निकाली जा रही है। कांग्रेस विधायक लाखन सिंह ने आज सदन में यह मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार माफिया पर कार्रवाई नहीं कर रही है और उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है।
प्रश्नकाल के दौरान आज कांग्रेस विधायक लाखन सिंह ने ग्वालियर के लोहानी गांव में हो रहे अवैध खनन का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां खदान स्वीकृत ही नहीं है और इसके बावजूद माफिया रेत निकाल रहे है। उन्होंने कलेक्टर को पंद्रह बार इसकी जानकारी दी इसके बावजूद कोई कार्यवाही नहीं की गई। जवाब में खनिज मंत्री बृजेन्द्रप्रताप सिंह ने कहा कि वहां अवैध रेत खनन और परिवहन के 8 प्रकरण दर्ज किए गए है। चार पोकलेन भी जप्त की गई है। लाखन सिंह का कहना था कि बसई में स्वीकृत रेत खदान में रेत है ही नहीं इसकी आड़ में आसपास के गांव से रेत निकाली जा रही है। मंत्री इसको लेकर कोई जवाब नहीं दे पाए।
bhavtarini.com@gmail.com 