पुलिस से परेशान लड़की सीएम हाउस के पास टावर पर चढ़ी

पुलिस से परेशान लड़की सीएम हाउस के पास टावर पर चढ़ी

होमगार्ड जवान पर मामला दर्ज कराने के बाद से ही पुलिस उसे धमका रही

आरोपी ने पीडि़ता से 60 हजार रुपए भी लिए, वीआईपी रोड बुलाकर अश्लील हरकत भी की

भोपाल, राजधानी के कोहेफिजा थाने में होमगार्ड जवान के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराने वाली लड़की ने पुलिस पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। होमगार्ड पर कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार शाम वह सीएम हाउस के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब 80 फीट से अधिक ऊंचाई पर पहुंचने पर लोगों की नजर उस पर पड़ी। लड़की कार्रवाई की मांग पर कर रही थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 साल की लड़की जहांगीराबाद में रहती है। वह प्राइवेट जॉब करती है। उसके दोस्त ने बताया कि आकाश नाम के होमगार्ड से लड़की की जान-पहचान है। वह एक अधिकारी की गाड़ी चलाता है। लड़की ने आकाश को 60 हजार रुपए उधार दिए थे। पांच दिन पहले उसने वीआईपी रोड पर उसके साथ गलत हरकत भी की। लड़की ने कोहेफिजा पुलिस थाने में होमगार्ड के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला भी दर्ज कराया है। इसके बाद से ही पुलिस उसे परेशान कर रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी की जगह उस पर ही मामला वापस लेने का दबाव डाल रही है। इसी से परेशानी होकर वह शाम करीब 4 बजे पॉलीटेक्निक चौराहा स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। धमका रही पुलिस पीडि़ता के दोस्त ने आरोप लगाए कि अब पुलिस उसे इस मामले में मामला वापस लेने के लिए धमका रही है। मामले की जांच कर रही महिला अधिकारी रिचा त्रिपाठी अब उसे ही परेशान कर रहीं हैं। पुलिस अब उसके घर आकर उसे और उसके दोस्तों को भी परेशान कर रही है। रिचा त्रिपाठी ने कहा कि मामले की जांच के लिए सीसीटीवी कैमरे देख रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी भी हो जाएगी।