देवरिया, देवरिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को सपा से नामांकन पत्र खरीदने वाले पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने मंगलवार को चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से हुई मुलाकात के बाद उन्होंने यह घोषणा की। देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव को लेकर अभी भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।
समाजवादी पार्टी में इधर सप्ताहभर से टिकट को लेकर काफी हलचल चल रही है। विभिन्न दावेदारों के पक्ष व विपक्ष में लामंबदी के कारण दल में कई तरह की चर्चाएं पहले से ही चल रही हैं। इनके बीच ही सोमवार को पूर्व मंत्री व सपा के वरिष्ठ नेता ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने नामांकन पत्र खरीद लिया। इसके साथ ही राजनीतिक हलकों में उनके सपा प्रत्याशी होने कह संभावनाएं मजबूत मानी जाने लगीं। अन्य दलों के लोग भी चुनावी समीकरण में जुट गए। माना जा रहा था कि पार्टी की तरफ से मंगलवार को उनके नाम की घोषणा हो जाएगी, लेकिन दोपहर बाद अचानक पूर्व मंत्री ने चुनाव में प्रत्याशी बनने से इनकार दिया।
सूत्रों के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टिकट के सभी दावेदारों को लखनऊ में दिन में 11 बजे पार्टी कार्यालय पर बुलाया था। ब्रह्माशंकर त्रिपाठी की दोपहर में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हुई। इसके बाद त्रिपाठी ने बाहर निकलने पर कार्यकर्ताओं को चुनाव न लड़ने की जानकारी दी और वहां से चले गए। बाद में उन्होंने कहा कि देवरिया विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने से मना कर दिया है। 2022 में पार्टी का निर्देश मिलने पर कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र से ही चुनाव लड़ेंगे।