brijesh parmar
उज्जैन। कानपुर का कुख्यात गैंगस्टर और आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपित विकास दुबे उज्जैन में गिरफ्तार हो गया है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार दुबे सुबह 7:45 अपने कुछ साथियों के साथ 250 रुपए का टिकट लेकर महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए आया था। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मी उसे चौकी लेकर पहुंचे। बाद में उज्जैन एसपी मनोज सिंह दुबे को गिरफ्तार कर कंट्रोल रूम ले गए।
विकास दुबे के उज्जैन के गिरफ्तार होने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। वो कैसे उज्जैन तक पहुंचा? पुलिस ने उसे कैसे गिरफ्तार किया? क्या वो खुद ही सरेंडर करने का सोचकर आया था? पुलिस प्रेस वार्ता कर इन सवालों के जवाब देगी।
चिल्लाने लगा मैं हूं विकास दुबे
जानकारी के मुताबिक वह उज्जैन के महाकाल मंदिर में पहुंचकर खुद को विकास दुबे कहकर चिल्लाने लगा। इस पर परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। तुरंत ही इस बात की सूचना पुलिस अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस को दी। विकास दुबे के पकड़े जाने को लेकर दो बातें सामने आ रही हैं, पहली यह कि वो सरेंडर करने के लिए ही यहां आया था और दूसरी उसे महाकाल मंदिर के सुरक्षा गार्ड ने पहचान लिया और पुलिस को सूचना दे दी। उसकी गिरफ़्तारी की एक फोटो भी यूपी पुलिस के पास भेजी गई, जिसके बाद पुष्टि हुई की वही विकास दुबे है।
फरीदाबाद उज्जैन कैसे पहुंचा विकास दुबे?
बुधवार को फरीदाबाद और एनसीआर में लोकेशन मिलने के बाद आखिर वह उज्जैन कैसे पहुंचा यह बड़ा सवाल है। हालांकि, अब उज्जैन पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. यूपी पुलिस के पहुंचते ही उसकी ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद है थोड़ी देर में ही उज्जैन पुलिस इसका खुलासा करेगी कि वह यहां कैसे पहुंचा।
अब तक गैंग के पांच लोग मारे जा चुके हैं
विकास दुबे के गुर्गे एक-एक कर ढेर हो रहे हैं। हमीरपुर में राइट हैंड अमर दुबे को मारने के बाद गुरुवार को यूपी एसटीएफ ने उसके दो और ख़ास गुर्गों प्रभात मिश्रा उर्फ़ कार्तिकेय और प्रवीण उर्फ़ बव्वन दुबे को कानपुर और इटावा में हुए मुठभेड़ में मार गिराया। 2 जुलाई की रात पुलिस टीम पर हमले के बाद से पुलिस ने अब तक उसके गैंग के पांच लोगों को मार गिराया है, जबकि खाकी से गद्दारी करने वाले 3 पुलिसकर्मियों समेत कई अन्य पुलिस की गिरफ्त में हैं।
यूपी के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने की पुष्टि
यूपी के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि वह गिरफ्तार हो चुका है। महाकाल मंदिर थाने में विकास दुबे ने सरेंडर किया है। फिलहाल उज्जैन के फ्रीगंज थाने से उसे किसी गुमनाम स्थान पर ले जाया गया है। अब यूपी पुलिस की एक टीम भी उज्जैन रवाना हो चुकी है. बता दें कि बुधवार को वह फरीदाबाद में देखा गया था, लेकिन वह कैसे उज्जैन पहुंचा, इस बात की पूछताछ की जा रही है।
इंटेलिजेंस से सूचना मिली थी: गृहमंत्री मप्र
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान मध्यप्रदेश पुलिस को इंटेलिजेंस से कुख्यात अपराधी विकास दुबे के उज्जैन आने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर महाकाल थाना पुलिस ने विकास की गिरफ्तारी की है।