नेत्रदान संकल्प अभियान में मण्डला को देश में मिला तीसरे स्थान
सक्षम द्वारा जिले में खोली जायेगी नि:शुल्क नेत्र परीक्षण यूनिट
Syed Javed Ali
मण्डला - स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख संस्था सक्षम द्वारा विगत माह कार्निया अंधत्व मुक्त भारत अभियान चलाया गया था, जिसमें देश भर के लोगों से ऑनलाइन नेत्रदान का संकल्प लेने अपील की गई थी। इस अभियान को जिले में बड़ी सफलता मिली और देश व्यापी इस अभियान में जिले ने तीसरा स्थान हासिल किया। सर्वाधिक संकल्प पत्र भरने वाली शाखाओं का सम्मान समारोह 8 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में दिल्ली में आयोजित किया गया था। कोविड-19 के चलते जिले से सक्षम संस्था का कोई भी प्रतिनिधि कार्यक्रम में सहभागिता नहीं कर पाया था। इसलिए रविवार को जिला पंचायत के सभागार में केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते की विशेष उपस्थिति में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में सक्षम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. पवन स्थापक एवं प्रांत सचिव अरविन्द दुबे ने सक्षम की जिला इकाई का सम्मान करते हुये प्रमाण पत्र सौंपा।
नेत्र रोगों के नि:शुल्क इलाज के लिए खुलेगा विजन सेंटर -
जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में नि:शुल्क सेवा कार्य करना आज के समय में सबसे बड़ी चुनौती का काम है लेकिन सक्षम भारत संस्था ने जिले में इस चुनौती को सेवा और संकल्प के रूप में लेकर अंधत्व निवारण की दिशा में लम्बे अरसे से काम कर रही है। संस्था द्वारा पिछले वर्षों के दौरान जिले में अंधत्व निवारण अभियान के अंतर्गत गांव-गांव शिविर लगाकर 10 हजार से अधिक लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन नि:शुल्क किया है और जल्द ही सक्षम संस्था द्वारा जिलेवासियों के लिए नि:शुल्क नेत्र परीक्षण व उसके इलाज के लिए चिकित्सा यूनिट विजन सेंटर स्थापित करने जा रही है। जिसमें नेत्र रोग से पीडि़त लोगों के लिए नि:शुल्क इलाज की सुविधा रहेगी। कार्निया अंधत्व मुक्त अभियान के तहत सक्षम संस्था की ये अनुकर्णीय पहल है। सेवा के इस संकल्प अभियान में प्रदेश के ख्यातिलब्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. पवन स्थापक व उनकी पूरी टीम का सहयोग व मार्गदर्शन मिलेगा। उक्त आशय के उदगार केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किये, उन्होंने कहा नेत्र दान संकल्प अभियान में जिले के नागरिकों ने बड़ी संख्या में संकल्प पत्र भरकर पुनीत कार्य किया है।
नेत्रदान संकल्प अभियान में जिले के नागरिकों की भूमिका अहम -
प्रदेश के जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ पवन स्थापक ने कहा कि ऑनलाइन नेत्रदान संकल्प का देश व्यापी अभियान में मण्डला जिले के नागरिकों ने नेत्र दान महादान को धरातल में चरितार्थ किया है। यही वजह है कि सक्षम भारत संस्था द्वारा पूरे देश के 629 जिले में अभियान संचालित किया जिसमें जिला देश के तीसरे स्थान में है। डॉ स्थापक ने कहा कि इस पुनीत कार्य में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेश मिश्र ने इस अभियान को जन जन तक पहुंचाने में विशेष योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि शैलेष मिश्रा की पहल से जिले में नेत्र रोग से जुड़ी जटिल समस्याओं के समाधान के लिए विजन सेवा के रूप में यूनिट खुलेगा, जिसमें नि:शुल्क इलाज व परामर्श नागरिको को मिल सकेगा। इस अवसर पर सक्षम भारत संस्था द्वारा नेत्र दान संकल्प प्रमाण पत्र भरने देश में जिले के अनुकर्णीय योगदान का सम्मान पत्र शैलेष मिश्र को भेंट किया गया। इस अवसर पर शैलेष मिश्र ने इस अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए जिले में जिले में अंधत्व मुक्त अभियान को लेकर गांव गांव तक जनजागरण ओर सेवा कार्य व जिले में गठित टोली की जानकारी से अवगत कराया। इस अवसर पर अमित दवे, राकेश द्धिवेदी, रामाश्रय चंद्रोल, प्रफुल्ल मिश्रा, आशीष ज्योतिषी, विनय मिश्रा, कमोद पावले, सुरेश यादव, अरविंद शर्मा, तारेंद्र चौरसिया, अनुराग चौरसिया, नवीन मिश्रा, विवेक अग्निहोत्री सहित जिले के पत्रकार गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सक्षम के जिला सचिव मोहन यादव एवं आभार कमलेश अग्रहरि ने किया।