मंडी एक्ट के विरोध में आज से बंद रहेगी मंडी, अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर रहेंगे कर्मचारी

मंडी एक्ट के विरोध में आज से बंद रहेगी मंडी, अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर रहेंगे कर्मचारी
amjad khan शाजापुर। सरकार द्वारा मंडी एक्ट में किए गए संशोधन एवं मंडी मॉडल एक्ट लागू किए जाने के विरोध में जिलेभर की समस्त मंडियों में आज से हड़ताल शुरू हो जाएगी और इसीके साथ खरीदी का कार्य पूरी तरह से ठप हो जाएगा। निजी मंडी स्थापना और मंडी अधिनियम में संशोधन के विरोध में मप्र व्यापारी महासंघ के आह्वान पर आज गुरुवार से सभी मंडी व्यापारी तीनों की हड़ताल पर रहेंगे। व्यापारियों की हड़ताल पांच तारीख को समाप्त हो जाएगी, जबकि कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मंडी कर्मचारी मॉडल एक्ट नये अध्यादेश एवं मंडी अधिनियम में सरकार द्वारा किए गए संशोधन के विरोध में अनाज, फल, सब्जी लहसुन की खरीदी पूरी तरह से बंद रखकर शांतिपूर्ण ढंग से अनिश्चित काल के लिए आंदोलन पर चले जाएंगे। कर्मचारियों की मांग है कि सरकार मंडी एक्ट में किए गए संशोधन को वापस ले और मॉडल एक्ट नये अध्यादेश को निरस्त करे, क्योंकि सरकार द्वारा लिए गए निर्णय से मंडी कर्मचारियों का भविष्य अंधकार में हो जाएगा इसीके विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल उल्लेखनीय है कि मंडी का नया अध्यादेश लागू करने के साथ ही पुराने मंडी एक्ट में शासन द्वारा संशोधन किया गया है। सरकार के इस निर्णय के बाद से लगातार मंडी कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। काली पट्टी बांधकर कार्य करने के साथ ही कर्मचारी कई बार सरकार को ज्ञापन भी सौंपकर संशोधन को निरस्त करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन सरकार द्वारा मामले में कोई कदम नही उठाए जाने पर अब मंडी कर्मचारी आज गुरुवार से अनिश्चित काल के लिए हड़ताल पर चले जाएंगे। मंडी कर्मचारियों ने बताया कि जब तक सरकार मांगें पूरी नही करेगी तब हड़ताल जारी रहेगी और मंडियों में खरीदी का कार्य बंद रहेगा।