rafat aliभिण्ड। शहर के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भिण्ड-दतिया सांसद संध्या राय ने बताया कि केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय ने अनुसूचित जाति, जनजाति एवं शोषित वंचित वर्ग के छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति का बजट जो कांग्रेस सरकारों में 1100 करोड़ था, उसे बढ़ाकर 60,000 करोड़ किया है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नाथू सिंह गुर्जर, भिण्ड जनपद के पूर्व अध्यक्ष धीरसिंह भदौरिया, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष आरबी सिंह बघेल मौजूद रहे।
छात्रवृत्ति की राशि मे हर वर्ष 5 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी
उन्होंने बताया कि अब केंद्र सरकार छात्रवृत्ति का पैसा सीधे छात्रों के खाते में भेजेगी। इसके लिये एक पोर्टल बनाया जाएगा। जिस पर छात्रों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। साथ ही छात्रवृत्ति की राशि मे हर वर्ष 5 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। ऐसा करके केंद्र सरकार दी गयी छात्रवृत्ति में अपना हिस्सा 80 प्रतिशत तक बढ़ाएगी।
सांसद ने कहा कि पहले राज्य सरकारें छात्रवृत्ति में अपना हिस्सा समय पर जमा नहीं करतीं थीं जिससे केंद्र सरकार का हिस्सा भी छात्रों को नहीं मिल पाता था लेकिन अब यह कार्य एक पोर्टल के माध्यम से पूरी पारदर्शिता से किया जाएगा। और इस कार्य का वार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा। इससे ड्राप आउट छात्रों की संख्या में कमीं आएगी।
निकाय चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर ने कहा कि आगामी दिनों में होने वाले नगरीय निकाय के चुनावों के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार हैं। जिले की दो नगरपालिका और 11 नगरपरिषदों में चुनाव को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां प्रदेश नेतृत्व की गाइडलाइन मिलते हीं प्रारंभ कर दी जाएगी।
कार्यकर्ताओं को बूथ केन्द्रों को मजबूत करने के लिए आवश्यक निर्देश मण्डल इकाइयों को दे दिए गए हैं। अतिशीघ्र हीं पार्टी स्तर पर योग्य और कर्मठ तथा जीतने वाले प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया भी सर्वे के आधार पर की जाएगी ताकि नगरीय चुनाव में भाजपा का परचम फहर सके और वहां पर विकास की दिशा को आगे बढ़ाया जा सके।