कान्हा से 12 बारासिंघा भेजे गए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व

कान्हा से 12 बारासिंघा भेजे गए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व

विशेष रूप से निर्मित परिवहन ट्रक में भेजे गए सतपुड़ा

  Javed Ali मंडला - आज दिनांक 25-02-2021 को कान्हा परिक्षेत्र स्थित बारासिंघा बाडे़ से 12 बारासिंघा (2 नर एवं 10 मादा) को सफलता पूर्वक केप्चर किये जाकर सतपुड़ा टायगर रिजर्व की ओर रवाना किया गया। राज्य पशु बारासिंघा के सतपुड़ा टायगर रिजर्व में ट्रांसलोकेशन हेतु भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा अनुमति दी गई थी। दिनांक 24-02-2021 को समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा विषय विशेषज्ञों द्वारा बारासिंघा केप्चर हेतु विशेष रूप से निर्मित बोमा का निरीक्षण किया गया एवं बारासिंघा केप्चर की रणनीति तैयार की गई। आज दिनांक को प्रातः 8 बजे से केप्चर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई दोपहर लगभग 11ः00 बजे बारासिंघा केप्चर की प्रक्रिया पूर्ण की गई एवं बारासिंघा को विशेष रूप से निर्मित परिवहन ट्रक में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की ओर वन्यप्राणी चिकित्सक, कान्हा एवं सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की देखरेख में रवाना किया गया। प्रदेश में इनकी संख्या बढ़ाने के उद्वेश्य से पिछले कुछ वर्षों में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल में 7 एवं सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 46 मध्य भारतीय हार्ड ग्राउण्ड बारासिंघा को सफलतापूर्वक स्थानांतरण किया जा चुका है। कान्हा में सत्तर के दशक में मात्र् 66 बचे थे, कान्हा प्रबंधन द्वारा बेहतर संरक्षण के चलते अब कान्हा में इनकी संख्या लगभग 850 तक हो गयी है। इस पूरे केप्चर प्रक्रिया का नेतृत्व सुनील कुमार सिंह, क्षेत्र संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा किया गया। केप्चर आपरेशन के दौरान रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, उप संचालक (कोर), डाॅ. संदीप अग्रवाल एवं डाॅ. गुरूदत्त शर्मा, वन्यप्राणी चिकित्सक, कान्हा एवं सतपुड़ा टायगर रिजर्व, सुधीर कुमार मिश्रा, पार्क अधीक्षक, सुनील कुमार सिन्हा, सहायक संचालक (सिझौरा) एवं कान्हा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भाग लिया गया।